West Bengal Assembly Election Result 2026: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी ही पार्टी की एक सांसद उन्हें ले डूबी।
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद रुझानों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ टीएमसी 89 सीटों पर आगे है। ममता बनर्जी 2011 से राज्य की मुख्यमंत्री हैं।
उमा भारती ने VIDEO किया साझा
उमा भारती ने टीएमसी सांसद सयानी घोष का एक वीडियो 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए ममता बनर्जी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, ''बंगाल की जीत के लिए मोदी जी, अमित शाह जी, नितिन नवीन जी और बंगाल के असंख्य कार्यकर्ताओं को बधाई एवं अभिनंदन। अबकी बार जीत तो हमारी होनी ही थी लेकिन ममता बनर्जी की ही पार्टी की एक सांसद का यह गाना ममता जी को ले डूबा।''
EC के अंतिम अपडेट का इंतजार
वहीं, टीएमसी सांसद सयानी घोष को अभी चुनाव आयोग के अंतिम अपडेट का इंतजार है। उन्होंने कहा, ''हम जमीन पर रहे हैं, हम जमीन पर हैं और हम जमीन पर ही बने रहेंगे। हम चुनाव आयोग के अंतिम अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।''
ममता सरकार के 20 से ज्यादा मंत्री पीछे
काउंटिंग के रुझानों में ममता सरकार के 20 से ज्यादा मंत्री पीछे हैं, जिसे सत्तारूढ़ टीएमसी के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। टीएमसी सूत्रों ने बताया कि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में जारी मतगणना में कम से कम 23 मंत्री पीछे हैं, जो पार्टी नेतृत्व के लिए एक व्यापक चुनौती का संकेत है। यह रुझान इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ममता सरकार ने अपनी कल्याणकारी पहलों और मजबूत स्थानीय नेतृत्व पर बहुत अधिक भरोसा किया था, जिनमें से कई नेता जमीनी स्तर पर शासन के प्रमुख चेहरे थे।
