इलेक्शन

CM चेहरे पर BJP को बार-बार घेर रहे तेजस्वी यादव, NDA के विजन, एजेंडे पर उठाया सवाल

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में तेजस्वी ने कहा, 'सीएम चेहरे को लेकर हम कभी भी भ्रम में नहीं थे। हम बिल्कुल स्पष्ट थे। सवाल है कि एनडीए का सीएम फेस कौन है? अभी तक एनडीए की तरफ से कोई संयुक्त प्रेस वार्ता नहीं की गई है। कोई विजन नहीं बताया गया है और न ही किसी एजेंडे की घोषणा हुई है।

Image

बिहार में पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर को होगा। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Bihar Assembly Election 2025 : बिहार में गर्म हुए चुनावी माहौल के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं महागठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पर हमला बोला। राजद नेता ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहती। महागठबंधन में किसी तरह का भ्रम नहीं है लेकिन एनडीए ने अभी तक अपना विजन और एजेंडा स्पष्ट नहीं किया है।

पूछा-NDA से CM पद के लिए चेहरा कौन?

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में तेजस्वी ने कहा, 'सीएम चेहरे को लेकर हम कभी भी भ्रम में नहीं थे। हम बिल्कुल स्पष्ट थे। सवाल है कि एनडीए का सीएम फेस कौन है? अभी तक एनडीए की तरफ से कोई संयुक्त प्रेस वार्ता नहीं की गई है। कोई विजन नहीं बताया गया है और न ही किसी एजेंडे की घोषणा हुई है। एनडीए ने अभी तक मुख्यमंत्री पद के लिए अपना चेहरा भी पेश नहीं किया है।'

नीतीश को सीएम नहीं बनाएगी भाजपा-तेजस्वी

तेजस्वी ने कहा कि भाजपा नेता अमित शाह के बयान से साफ है कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा है कि चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक में सीएम चुना जाएगा। भाजपा नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहती। बता दें कि महागठबंधन की गुरुवार को पटना में हुई बैठक में तेजस्वी को सीएम पद के लिए और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम पद के लिए उम्मीदवार चुना गया। सीएम पद का चेहरा चुने जान के बाद तेजस्वी लगातार एनडीए से उसके सीएम चेहरे पर सवाल पूछ रहे हैं।

नीतीश ने तेजस्वी पर साधा निशाना

वहीं, नीतीश ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधा और उन पर ‘खोखले वादों’ से महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। कुमार ने कहा कि बिहार के लोग जानते हैं कि उनके लिए किसने असली काम किया है। उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी का नाम लिए बगैर सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट में कहा, ‘बिहार की जनता ने उन्हें मौका दिया था, लेकिन उन्होंने जनता की सेवा करने के बजाय सत्ता का उपयोग अपने निजी हितों के लिए किया।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article