इलेक्शन

'अखिलेश हुए फरार, निरहुआ डटल रहे', अपने मशहूर गाने से दिनेश लाल ने सपा अध्यक्ष पर बोला हमला

Azagarh Loksabha Election 2024: दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने अपने लोकप्रिय गीत 'भउजी रहें बीमार' की तर्ज पर पैरोडी गाते हुए अखिलेश और धर्मेंद्र पर निशाना साधा। निरहुआ ने कहा, 'अब भऊजी आवें चाहे भैया, होई आजमगढ़ में जमकै लड़ैया, आर होई या पार फैसला अटल रहे, अखिलेश हुए फरार, निरहुआ डटल रहे।'

Image

आजमगढ़ सीट पर दिनेश लाल यादव भाजपा के उम्मीदवार हैं।

Azagarh Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में पांचवें और छठवें चरण के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। पांचवें चरण के लिए 20 मई को वोटिंग होगी। छठवें चरण में उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट आजमगढ़ सीट पर भी चुनाव होना है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और समाजवादी पार्टी (सपा) के धर्मेंद्र यादव के बीच है। इस सीट पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली भी हुई। रैली में पीएम ने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा।

लोकप्रिय गीत के जरिए अखिलेश पर निशाना

रैली के बाद भाजपा उम्मदीवार दिनेश लाल यादव भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा के उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव पर निशाना साधने में देरी नहीं की। निरहुआ ने अपने लोकप्रिय गीत के जरिए दोनों भाइयों पर हमला बोला।

'अखिलेश हुए फरार, निरहुआ डटल रहे'

भाजपा उम्मीदवार ने कहा, 'दोनों भाई अखिलेश यादव और धर्मेंद्र यादव भगोड़े हैं। यहां से जीतने के बाद भाग गए और जब हारे तो भी भागे। आजमगढ़ की जनता इन्हें भगोड़ा कहती है। अब इन्होंने पीडीए बनाया है। इसका मतलब है 'परिवारवादी डकैत अलायंस'। ये पूरी तरह नाकाम हो जाएंगे। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीत 'भउजी रहें बीमार' की तर्ज पर पैरोडी गाते हुए अखिलेश और धर्मेंद्र पर निशाना साधा। निरहुआ ने कहा, 'अब भऊजी आवें चाहे भैया, होई आजमगढ़ में जमकै लड़ैया, आर होई या पार फैसला अटल रहे, अखिलेश हुए फरार, निरहुआ डटल रहे।'

आजमगढ़ में पीएम मोदी ने की रैली

आजमगढ़ सीट पर मतदान छठवें चरण यानी 25 मई को होना है। इस रैली में पीएम ने इंडी गठबंधन पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि इस बार यह गठबंधन तुष्टिकरण का 'ट्रिपल डोज' लेकर आया है। सपा और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दल दो हैं लेकिन इनकी दुकान एक है। ये अपनी दुकान में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद का सामान बेचते हैं।

तुष्टिकरण की 'ट्रिपल डोज' लेकर आए

पीएम ने कांग्रेस और सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि दल दो हैं लेकिन दुकान एक ही है। ये झूठ का सामान बेचते हैं। ये भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद का सामान बेचते हैं। अब ये लोग तुष्टिकरण की 'ट्रिपल डोज' लेकर आए हैं।

एक तरफ ये लोग पिछड़े, दलित, आदिवासी का आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक को देना चाहते हैं, दूसरी तरफ ये इंडी गठबंधन वाले आपकी संपत्ति का आधा हिस्सा छीनकर उसको भी अपने वोट बैंक को देना चाहते हैं। साथ ही यह लोग देश के बजट को भी बांटना चाहते हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article