Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले जनता दल यूनाइटेड (Janata Dal (United) -JDU) को बड़ा झटका लगा है। खगड़िया जिले के परबत्ता विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक डॉ संजीव सिंह राष्ट्रीय जनता दल में शामिल होने वाले हैं। आज यानी शुक्रवार 3 अक्टूबर को डॉ. संजीव सिंह को तेजस्वी यादव RJD में शामिल करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, खगड़िया के परबत्ता में आज एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में तेजस्वी यादव संजीव सिंह को आरजेडी की सदस्यता दिलाएंगे।
जेडीयू को बड़ा झटका
बता दें कि संजीव सिंह के जेडीयू छोड़ आरजेडी में शामिल होने का यह फैसला जेडीयू के लिए एक महत्वपूर्ण सीट पर बड़ा नुकसान माना जा रहा है। डॉ संजीव सिंह ने 2020 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी के दिगंबर प्रसाद तिवारी को 951 वोटों से हराया था। अब उन्होंने RJD में शामिल होने का फैसला लिया है।
पार्टी से नाराज चल रहे थे संजीव सिंह
बताया जा रहा है कि संजीव सिंह पिछले कुछ समय से नीतीश कुमार और जेडीयू से नाराज चल रहे थे। पार्टी छोड़ने के पीछे आगामी विधानसभा चुनाव जेडीयू से टिकट कटने की चर्चा बताई जा रही है। हाल ही में उन्होंने पटना में ब्रह्मर्षि सम्मेलन का आयोजन किया था। इसमें उन्होंने अपनी जाति के लोगों को गोलबंद करने का प्रयास किया। इस सम्मेलन को उनकी बढ़ती राजनीतिक महत्वकांक्षा और जेडीयू पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा था। अचानक आरजेडी में शामिल होने का उनका फैसला तेजस्वी यादव के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
