इलेक्शन

Bihar Election: BJP-JDU को 101-101 सीट, चिराग के हिस्से 29, मांझी की पार्टी लड़ेगी 6 पर चुनाव, NDA में सीट शेयरिंग फाइनल

Bihar Election NDA Seat Sharing: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए ने सीटों की घोषणा कर दी है। बिहार में एनडीए इस बार पांच पार्टियों के साथ चुनावी मैदान में होगा, जिसमें बीजेपी, जदयू, हम, लोजपा (रामविलास पासवान) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल है।

Image

एनडीए में सीट शेयरिंग फाइनल

Bihar Election NDA Seat Sharing: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) में सीट शेयरिंग को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। रविवार शाम एनडीए के सीट बंटवारे की घोषणा कर दी गई है। भाजपा, जेडीयू बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जीतन राम मांझी की पार्टी हम के हिस्से 6 सीट आई है।

धर्मेंद्र प्रधान ने की घोषणा

भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनडीए में सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए कहा कि एनडीए के साथियों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सीटों का वितरण पूर्ण किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और जदयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

बिहार में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव

पार्टीसीट
BJP101
JDU101
LJP (R)29
RLM06
HAM06

नहीं मानी गई मांझी की मांग

"कम से कम 15 सीट” देने की मांग कर रही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को केवल छह सीट दी गई हैं, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा को भी छह सीटें मिली हैं। सीट बंटवारे की घोषणा के बाद राजग के प्रमुख नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पासवान, चौधरी और कुशवाहा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘बिहार है तैयार, फिर से राजग सरकार’।

बिहार में दो चरणों में चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के नेतृत्व वाले एनडीए और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। महागठबंधन एनडीए का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर रहा है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, लोजपा (रामविलास) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा एनडीए में शामिल हैं। हालांकि, बिहार की चुनावी जंग में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी राज्य की सभी 243 सीटों पर दावा ठोक दिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article