Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा है। बीजेपी के विधायक मिश्रीलाल यादव ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि अब उनके लिए बीजेपी में बने रहना संभव नहीं है।
मैं सेक्युलर विचारधारा का व्यक्ति हूं: मिश्रीलाल यादव
मिश्रीलाल यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी में गरीबों और पिछड़ों का सम्मान नहीं है और पार्टी ने दलितों-पिछड़ों के लिए कभी काम नहीं किया। उन्होंने कहा,“बीजेपी गरीबों और पिछड़ों की विरोधी पार्टी है। मैंने हमेशा गरीबों के मान-सम्मान की रक्षा की है। मैं समाजवादी और सेक्युलर विचारधारा का व्यक्ति हूं।”
उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए गठबंधन को अलीनगर सीट पर पहली जीत उनके कारण मिली थी। “मैं यादव परिवार में जन्मा हूं, संघर्ष करते हुए ग्राम पंचायत मुखिया से लेकर आज विधायक तक पहुंचा हूं। दरभंगा से दो बार एमएलसी रह चुका हूं और वर्तमान में अलीनगर विधानसभा से विधायक हूं।” मिश्रीलाल यादव बीजेपी के एक मजबूत पिछड़ा वर्ग चेहरे माने जाते थे।
साल 2020 में VIP की टिकट से जीता था चुनावमिश्रीलाल यादव ने साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। बाद में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था।
