इलेक्शन

Bihar Election: स्मृति ईरानी का बड़ा बयान, NDA सरकार ने महिलाओं को ‘डर और बेबसी’ से दिलाई आजादी

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव से पहले बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने पटना में कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं को भय और बेबसी से मुक्त कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने राजद पर महिलाओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ को रोकने की साजिश का आरोप लगाया है।

Image

भाजपा नेता स्मृति ईरानी (ANI)

Photo : ANI

Bihar Election 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार ने महिलाओं को बेबसी और भय की छाया से बाहर निकाला है। पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ईरानी ने कहा कि उन्हें इस बात का दुःख है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार में महिलाओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ “रोकने” के लिए निर्वाचन आयोग से अपील की है।

स्मति ईरानी ने कहा, “जन धन योजना से बिहार की तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है और उज्ज्वला योजना के तहत 1.16 करोड़ महिलाओं को लाभ प्राप्त हुआ है। हम यह भी देख चुके हैं कि प्रत्येक घर में शौचालय निर्माण का वादा पूरा किया गया है।” उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह पीड़ा की बात है कि एक ओर NDA सरकार बिहार की महिला लाभार्थियों के खातों में सीधे धन हस्तांतरित कर रही है, वहीं दूसरी ओर राजद नेताओं ने निर्वाचन आयोग को लिखित प्रस्ताव देकर इन लाभों को रोकने की मांग की है।”

राजद सांसद मनोज झा का आरोप

गौरतलब है कि राजद सांसद मनोज झा ने 31 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि बिहार सरकार ने आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन करते हुए 17, 24 और 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को राशि हस्तांतरित की है। ईरानी ने कहा कि बिहार में राजग सरकार ने अब तक 1.3 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपए की राशि भेजी है और भविष्य में प्रत्येक लाभार्थी को कुल दो लाख रुपए देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा, “राजग सरकार ने न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता दी है, बल्कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक महिला आरक्षण विधेयक भी पारित किया है।”

स्मृति ईरानी ने कहा कि विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित कर भाजपा नेतृत्व ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया है। उन्होंने कहा, “महिलाओं के उत्थान के प्रति यह समर्पण केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण और नीतिगत निर्णयों के रूप में जमीन पर दिखाई दे रहा है।” बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article