प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर के दूधपूरा में चुनावी रैली को संबोधित किया। वो समस्तीपुर में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। पार्टी नेताओं ने मखाने की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा, "पूरा बिहार कह रहा है फिर एक बार एनडीए सरकार। फिर एक बार सुशासन सरकार। जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार।"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं अपनी आधी जिंदगी गुजरात में खपा दी। आप जितनी संख्या में यहां पहुंचे हैं। वहां मैं इससे आधी भिड़ भी नहीं जुटा पाता. छठ महापर्व के बीच आप यहां आए हैं। इसके लिए मैं आपको नमन करता हूं। पीएम मोदी ने मंच से नारा दिया- नई रफ्तार से चलेगा बिहार, फिर आएगी एनडीए सरकार।
पीएम मोदी ने लालू परिवार पर साधा निशाना
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि 'ये जमानत पर चलने वाले लोग हैं।' एनडीए की सरकार ही विकास करती है। इस सरकार में बिहार नई रफ्तार के साथ चलेगा और बिहार में फिर सुशासन वाली सरकार होगी। पीएम ने कहा कि कुछ लोग संविधान लेकर गुमराह करते हैं लेकिन बिहार के लोग 'जंगलराज' वालों को दूर रखेंगे। ये जननायक की उपाधि चोरी करने में लगे हैं। जननायक केवल कर्पूरी ठाकुर हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस को अपने अपने परिवारों के राजनीतिक भविष्य की ही चिंता है। इसलिए आज वो बिहार के नौजवानों के सामने झूठ के नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। आरजेडी और कांग्रेस का विकास से छत्तीस का आंकड़ा है। जहां आरजेडी जैसा दल हो वहां कानून व्यवस्था हो ही नहीं सकती।
उन्होंने आगे कहा कि आरजेडी के शासन में यहां रंगदारी, हत्या, फिरौती, अपहरण... एक उद्योग के रूप में फले-फूले। आरजेडी के जंगलराज ने बिहार की कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया।
पीएम मोदी ने कर्पूरी ठाकुर के परिवार के सदस्यों से की मुलाकात
बता दें कि चुनावी रैली को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के गांव कर्पूरी ग्राम पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात और उनसे बातचीत की। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
