इलेक्शन

Rajauli Assembly Elections 2025: रजौली का रण, राजद को फिर चुनेगी जनता या NDA के हक में होगा फैसला? क्या कहता है चुनावी समीकरण

Rajauli Assembly Constituency (रजौली विधानसभा सीट): राजौली विधानसभा सीट पर इस बार 11 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होने वाले हैं। यह सीट नवादा जिले में आती है। राजौली सीट का चुनावी समीकरण क्या है, आइए जानते हैं:

Image

रजौली विधानसभा सीट

Rajauli Assembly Constituency (रजौली विधानसभा सीट): रजौली विधानसभा सीट बिहार के नवादा जिले में स्थित है। यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। रजौली में किसी एक दल का मजबूत गढ़ नहीं रहा। शुरुआती चुनाव में यहां कांग्रेस का वर्चस्व रहा। लेकिन बाद में यहां के राजनीतिक समीकरण में अक्सर बदलाव देखने को मिला। यहां के प्रमुख मुद्दे रोजगार और स्वास्थ्य सेवाएं रहे हैं। वर्तमान में यह सीट राजद के पास है, यहां से प्रकाश वीर विधायक हैं। हालांकि उन्होंने इस बार के चुनाव से ठीक पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इस बार राजद ने पिंकी चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। एनडीए में शामिल लोजपा (रामविलास) ने विमल राजवंशी को मैदान में उतारा है। 11 नवंबर को दूसरे चरण में यहां की जनता अपने पंसदीदा उम्मीदवार को वोट देगी।

रजौली, बिहार के नवादा जिले का एक प्रमुख अनुमंडल है, जो धनार्जय नदी के तट पर बसा है। यह मगध प्रमंडल का हिस्सा भी है। झारखंड के बॉर्डर से सटा यह इलाका चारों ओर छोटे-बड़े पहाड़ों से घिरा है, जो इस जगह की भौगोलिक खूबसूरती को और बढ़ाता है। एक समय पर रजौली अपने खनिज भंडारों के लिए जाना जाता था। यहां की पहचान ग्रेनाइट और अभ्रक (माइका) की खदानें हुआ करती थीं। हालांकि झारखंड के राज्य के रूप में गठन होने के बाद इन खदानों का बड़ा हिस्सा वहां की सीमाओं चला गया। इसके बावजूद रजौली अपनी भौगोलिक और ऐतिहासिक अहमियत बरकरार रखे हुए है।

रजौली विधानसभा क्षेत्र का चुनावी समीकरण

1951 में बनी रजौली विधानसभा सीट पर अब तक कुल 17 बार चुनाव हो चुके हैं। शुरुआत के चार चुनाव में कांग्रेस ने यहां से जीत हासिल की। जिसके बाद 1972 में कांग्रेस ने यहां से आखिरी बार जीत का स्वाद चखा। बीजेपी के खाते में भी यह सीट 4 बार जा चुकी है। जिसमें 1972 में जनसंघ की जीत भी शामिल है। 2000 के बाद रजौली सीट पर आरजेडी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आरजेडी ने भी यहां से 4 बार जीत का परचम लहराया है। पिछले दो चुनाव में आरजेडी ने लगातार दो बार जीत हासिल की।

रजौली सीट पर उम्मीदवार

  • पिंकी चौधरी - RJD
  • विमल राजवंशी - LJP (RV)

रजौली विधानसभा क्षेत्र का जातीय समीकरण

रजौली विधानसभा क्षेत्र में 2020 के चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 3,32,577 थी। जिसमें 50.48 फीसदी वोटिंग हुई। 2024 के लोकसभा चुनाव में वोटरों की संख्या बढ़कर 3,36,054 हो गई। यहां पर ज्यादातर आबादी ग्रामीण वोटरों की है। रजौली में अनुसूचित जाति के वोटरों का प्रतिशत 30.23 है। वहीं मुस्लिम वोटर 10.3 फीसदी हैं। जिनके एकजुट होने पर राजद को फायदा मिलता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article