Bihar assembly elections: बिहार की सियासत से एक बड़ी तस्वीर सामने आई। जहां भोजपुरी एक्टर पवन सिंह ने दिल्ली में बिहार में NDA के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की है। इस दौरान भाजपा नेता विनोद तावड़े भी साथ दिखे। तावड़े बिहार BJP प्रभारी हैं।
पवन सिंह BJP में हैं और रहेंगे
भोजपुरी अभिनेता से राजनेता बने पवन सिंह अपने राजनीतिक दांव-पेच के लिए जाने जाते हैं। वहीं, तावड़े ने कहा कि पवन सिंह BJP में हैं और रहेंगे। एनडीए के लिए सक्रियता से काम करेंगे।
वहीं, कुछ रिपोर्ट ऐसी भी हैं कि पवन सिंह कुशवाहा की पार्टी RLM में भी शामिल हो सकते हैं और विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, अभी कुछ भी आधिकारिक नहीं है। उधर ये भी चर्चा है कि भोजपुरी सुपरस्टार को NDA राज्यसभा भी भेज सकती है। बता दें कि पिछले साल पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव में NDA के उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।
NDA के पक्ष में रहे हैं पवन सिंह
पवन सिंह को लंबे समय से एनडीए का समर्थक माना जाता है। वह कई बार बीजेपी और उसके सहयोगी दलों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं। बिहार के इस महत्वपूर्ण चुनाव में उनकी एंट्री को एनडीए के लिए एक बड़ा फायदा माना जा रहा है।
2024 में अलग लड़ा चुनाव
2024 में पवन ने करकट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। लेकिन, वे सीपीआई-एमएल के राजाराम सिंह कुशवाहा से हार गए। एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल करने के बाद उन्हें बीजेपी से निकाल दिया गया था।
