Bihar Election News: बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के बीच पोस्टर वॉर छिड़ गया है। एक तरफ राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। दूसरी ओर नतीजों से पहले अलग-अलग प्रकार के पोस्टर राजधानी पटना में लग चुके हैं।
पटना में राजद मुख्यालय के बाद देखा जा सकता है कि कैसे 'अलविदा चाचा' लिखा एक पोस्टर लगाया गया है। इसमें नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी से बाहर किए जाने को लेकर विदाई दी जा रही है। बता दें कि 143 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली RJD को महागठबंधन की सत्ता में वापसी का पूरा भरोसा है। पार्टी के मुताबिक, पार्टी नेता तेजस्वी यादव 18 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
JD (U) भी पीछे नहीं
पटना में जेडीयू दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर में लिखा है, 'हम सबकी है NDA सरकार तभी विकास की पटरी पर दौड़ रहा बिहार।' इससे पहले जनता दल (यूनाइटेड) जो 101 सीटों पर चुनाव लड़ी। इसके पार्टी सर्मथकों ने पार्टी प्रमुख नीतीश कुमार के साथ 'टाइगर अभी जिंदा है' लिखे पोस्टर और बैनर लगाए। यह पोस्टर बिहार के पूर्व मंत्री रंजीत सिन्हा ने लगवाए।
बिहार के पटना स्थित JD(U) कार्यालय के बाहर का नजारा
BJP दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर
पटना में बीजेपी दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर में लिखा है, 'आज आपके दो भाई नरेंद्र और नीतीश जी मिलकर आपकी सेवा, समृद्धि और स्वाभिमान के लिए लगातार काम कर रहे हैं।' 'रफ्तार पकड़ चुका बिहार फिर से एनडीए सरकार'
बिहार विधानसभा के नतीजों पर निगाहें
आज सभी की निगाहें बिहार विधानसभा के नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचा पाएंगे या नहीं। बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए 6 और 11 नवंबर को हुए दो चरणों के चुनावों में 67.13 प्रतिशत मतदान का ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज किया गया।
