Global Economy Outlook 2027: दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए 2027 उम्मीदों के साथ बड़ी चुनौतियां भी लेकर आ रहा है। एक तरफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सुनामी कारोबार, नौकरियों और निवेश की दुनिया बदलने वाली है, तो दूसरी तरफ युद्ध और जियो पॉलिटिकल तनाव ऊर्जा सप्लाई से लेकर वैश्विक व्यापार तक को प्रभावित कर रहे हैं। इस बीच महंगाई का दबाव और ऊंची ब्याज दरें आम लोगों से लेकर बड़ी कंपनियों तक के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
2027 में दुनिया की ग्रोथ के सामने कितना बड़ा संकट?
दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए तस्वीर पूरी तरह निराशाजनक नहीं है। IMF के अक्टूबर 2026 के अनुमानों के मुताबिक, 2027 में वैश्विक अर्थव्यवस्था 3.4% की दर से बढ़ सकती है। विकसित देशों की ग्रोथ 1.8% और उभरती अर्थव्यवस्थाओं की ग्रोथ 4.4% रहने का अनुमान है।
यानी दुनिया आर्थिक विस्तार तो करेगी, लेकिन इस ग्रोथ के सामने कई जोखिम होंगे। अमेरिका और यूरोप में महंगाई का दबाव, चीन की अर्थव्यवस्था में सुस्ती और युद्ध के कारण ऊर्जा सप्लाई में आने वाली बाधाएं आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित कर सकती हैं।
AI की सुनामी से बदलेगी दुनिया
रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 से AI पर 2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा का कैपिटल एक्सपेंडिचर हो चुका है। आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में और खरबों डॉलर के निवेश की जरूरत पड़ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, 1 गीगावाट क्षमता वाला AI डेटा सेंटर बनाने में लगभग 40 अरब डॉलर खर्च हो सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक AI की संभावित कमाई करीब 3.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है, लेकिन यह एक अनुमान है, जिसकी सफलता AI के वास्तविक इस्तेमाल पर निर्भर करेगी।
अवसरों के साथ चुनौतियां
AI की तेज ग्रोथ का दूसरा पहलू रोजगार है। AI से कंपनियों की उत्पादकता बढ़ सकती है, लेकिन कुछ काम मशीनों और AI एजेंट्स के जरिए होने लगेंगे। रिपोर्ट में एक संभावित परिदृश्य में पांच साल के दौरान दुनियाभर में करीब 2.4 करोड़ नॉलेज वर्कर नौकरियों पर असर पड़ने की आशंका दिखाई गई है। यानी 2027 में AI से अवसर भी पैदा होंगे और पारंपरिक कारोबार तथा रोजगार के सामने नई चुनौती भी आएगी।
क्या आगे भी जलाएगी युद्ध की आग?
दुनिया की दूसरी बड़ी चुनौती युद्ध और बढ़ता जियो-पॉलिटिक तनाव है। रूस-यूक्रेन संघर्ष और ईरान से जुड़ा पश्चिम एशिया का तनाव पहले ही ऊर्जा बाजारों को प्रभावित कर चुका है। रिपोर्ट में ईरान संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट में बाधाओं को वैश्विक ऊर्जा सप्लाई के लिए बड़ा जोखिम बताया गया है। यह सिर्फ तेल और गैस की कीमतों का मामला नहीं है। ऊर्जा महंगी होने का असर उत्पादन, परिवहन, खाद्य वस्तुओं और औद्योगिक लागत तक पहुंचता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुरक्षा खर्च का बोझ अंततः टैरिफ, टैक्स, महंगाई और ऊंची ब्याज दरों के रूप में आम अर्थव्यवस्था तक पहुंच सकता है।
महंगाई और ब्याज दरों का डबल अटैक
AI और युद्ध के बीच तीसरी चुनौती महंगाई है। आमतौर पर केंद्रीय बैंक महंगाई कम करने के लिए ब्याज दरें बढ़ाते हैं। लेकिन इस बार चुनौती यह है कि महंगाई के पीछे ऊर्जा और सप्लाई से जुड़े ऐसे कारण हैं, जिन्हें सिर्फ ब्याज दरें बढ़ाकर खत्म करना आसान नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में 37 प्रमुख वैश्विक केंद्रीय बैंकों में से 17 ने ब्याज दरें बढ़ाई हैा। 2027 में फेडरल रिजर्व और यूरोपीय सेंट्रल बैंक की नीतियां फिर अहम होंगी। अमेरिका में महंगाई नरम पड़ने की उम्मीद है, लेकिन ऊर्जा कीमतों में दोबारा तेजी आती है, तो ब्याज दरों पर सख्ती की जरूरत पड़ सकती है। ऊंची ब्याज दरों का मतलब है कि कंपनियों के लिए कारोबार बढ़ाने और नए प्रोजेक्ट लगाने का खर्च बढ़ेगा। सरकारों का कर्ज महंगा होगा और होम लोन तथा दूसरे कर्जों की ब्याज दरों पर भी दबाव आ सकता है।
भारत के लिए अवसर भी, चुनौतियां भी
वैश्विक आर्थिक उथल-पुथल के बीच भारत की स्थिति तुलनात्मक रूप से मजबूत दिखाई देती है। IMF के अक्टूबर 2026 के अनुमान में भारत की 2027 की ग्रोथ 7% रहने की उम्मीद है। यह आंकड़ा भारत के वित्त वर्ष के आधार पर है। RBI के नवंबर 2026 के बेसलाइन अनुमानों में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 7.1% और 2027-28 के लिए 7% ग्रोथ का अनुमान है।
घरेलू खपत से सहारा
भारत को घरेलू खपत, सर्विस सेक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और मैन्युफैक्चरिंग विस्तार से सहारा मिल सकता है। वैश्विक कंपनियां चीन पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए वैकल्पिक उत्पादन केंद्र तलाश रही हैं। ऐसे में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, औद्योगिक उत्पादन और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में निवेश आकर्षित कर सकता है।
क्रूड का जोखिम कायम
लेकिन भारत के सामने सबसे बड़ा जोखिम कच्चे तेल की कीमतों का है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है। पश्चिम एशिया में युद्ध लंबा खिंचता है और तेल महंगा होता है तो देश का आयात बिल बढ़ सकता है। इससे रुपये पर दबाव, महंगाई में तेजी और चालू खाते के घाटे का जोखिम बढ़ेगा।
AI भारत के लिए दोधारी तलवार
AI भारत के IT और सर्विस सेक्टर के लिए भी दोधारी तलवार साबित हो सकता है। कंपनियों को नई तकनीक से उत्पादकता बढ़ाने का मौका मिलेगा, लेकिन पारंपरिक सॉफ्टवेयर सेवाओं और कुछ रोजगारों के सामने प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। ऐसे में भारतीय कंपनियों को केवल कम लागत वाली सेवाओं के बजाय AI आधारित समाधान और उच्च मूल्य वाली सेवाओं पर ध्यान देना होगा।