शहर

गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए चुराते थे महंगी गाड़ियां! पेट्रोल खत्म होते ही सड़क पर छोड़ देते थे वाहन

दिल्ली के शाहदरा जिले की कृष्णा नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की तीन स्कूटी और चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

Image

दिल्ली में वाहन चोर गैंग को पुलिस ने पकड़ा

दिल्ली : शाहदरा जिले की कृष्णा नगर थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के सात मामलों का खुलासा हुआ है।

सीसीटीवी कैमरों से खुली पोल

डीसीपी राजेन्द्र प्रसाद मीना ने बताया कि वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कृष्णा नगर थाना पुलिस की टीम लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने इलाके और आसपास के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अमजद (22) निवासी जगजीत नगर, उस्मानपुर और समीर (22) निवासी कुशल पार्क, लोनी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं, 17 वर्षीय एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद अमजद पहले भी कृष्णा नगर थाने में वाहन चोरी और चोरी के माल की बरामदगी से जुड़े चार मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों से तीन स्कूटी और चार मोटरसाइकिल समेत कुल सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें कृष्णा नगर, शास्त्री पार्क, उस्मानपुर, वजीराबाद और मुखर्जी नगर थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामले शामिल हैं। यह कार्रवाई कृष्णा नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तकनीकी निगरानी और मेहनत से सात मामलों का खुलासा करने पर सराहना की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article