इलेक्शन

Bihar Assembly Election 2025 : कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM? हो गया ऐलान; तीसरा गठबंधन बनाने में जुटे ओवैसी

एआईएमआईएम फिलहाल बिहार चुनाव के लिए 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारने तैयारी में है। बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि हम बिहार चुनाव में तीसरा विकल्प पेश करने की कोशिश में लगे हैं। रविवार को कुछ घोषणा की जाएगी।

Image

असदुद्दीन ओवैसी (फोटो-@asadowaisi)

Bihar Assembly Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव में अब तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है। इस बीच, एआईएमआईएम ने बिहार की 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एआईएमआईएम अपनी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने जा रही है। एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि हम बिहार चुनाव में तीसरा विकल्प पेश करने की कोशिश में लगे हैं। रविवार को कुछ घोषणा की जाएगी।

किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी एआईएमआईएम

उन्होंने कहा कि फिलहाल 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की योजना है। आगे जो होगा, देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहली सूची है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी किशनगंज जिले के बहादुरगंज, ठाकुरगंज, कोचाधामन और किशनगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ेगी, जबकि पूर्णिया जिले के अमौर, बायसी और कस्बा, कटिहार जिले के बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी और कदवा, अररिया जिले के जोकीहाट और अररिया, गया जिले के शेरघाटी और बेला, मोतिहारी के ढाका और नरकटिया, तथा नवादा जिले के नवादा शहर विधानसभा में अपने उम्मीदवार उतारेगी।

इसके अलावा सिकंदरा, भागलपुर, नाथनगर, सिवान, जाले, केवटी, दरभंगा ग्रामीण और गौरा बौराम, कल्याणपुर, बाजपट्टी, बिस्फी, महुआ और गोपालगंज विधानसभा से भी पार्टी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने टिकट के लिए मारामारी को लेकर कहा कि टिकट के लिए और सत्ता की मलाई के लिए तो सभी मारामारी कर रहे हैं, लेकिन आम आवाम की समस्या के लिए कौन मारामारी कर रहा है?

दरअसल, एआईएमआईएम ने राजद के साथ गठबंधन करने के लिए प्रयास किए थे, लेकिन उनकी बात नहीं बनी। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान छह नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article