Bihar Assembly Election 2025: चुनाव आयोग अगले महीने बिहार विधानसभा चुनाव सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 2.5 लाख पुलिस कर्मियों सहित करीब 8.5 लाख चुनाव कर्मियों को तैनात करेगा। चुनाव आयोग ने बृहस्पतिवार को कहा कि लगभग 8.5 लाख चुनाव कर्मियों में से 4.53 लाख मतदान कर्मी, 2.5 लाख पुलिस कर्मी, 28,370 मतगणना कर्मी, 17,875 माइक्रो ऑब्जर्वर, 9,625 सेक्टर अधिकारी और 90,712 आंगनवाड़ी सेविकाएं होंगी।
पहली बार सामान्य पर्यवेक्षक की नियुक्ति
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित करते हुए कहा था कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का उपयोग मतदान केंद्रों पर बुर्का और घूंघट वाली महिलाओं की पहचान करने के लिए किया जाएगा। पहली बार, बिहार के 243 निर्वाचन क्षेत्रों में से प्रत्येक के लिए एक सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा, जो आयोग की आंख और कान के रूप में कार्य करेगा।
दो चरणों में हो रहा चुनाव
आयोग के मुताबिक इनके अलावा, 38 पुलिस पर्यवेक्षक और 67 व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं। ये पर्यवेक्षक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में तैनात रहेंगे और नियमित रूप से राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से मिलकर उनकी चिंताओं का समाधान करेंगे। राज्य में दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी।
बिहार में चढ़ा चुनावी पारा
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को सियासी पारा चढ़ गया। एक ओर कांग्रेस ने सत्तारूढ़ राजग सरकार के खिलाफ “आरोपपत्र” जारी कर हमला बोला, तो दूसरी ओर राजद नेता तेजस्वी यादव ने हर परिवार को सरकारी नौकरी देने का नया वादा किया। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। पूर्व राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने 51 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें एक उम्मीदवार तृतीय लिंगी समुदाय से है और उसे आरक्षित सीट से टिकट दिया गया है।
