इलेक्शन

सुपरस्टार खेसारी लाल के समर्थन में उतरे रितेश पांडे, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को बताया ‘सातवीं फेल’; कहा- नाचना-गाना गलत नहीं

भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विवादित बयान ने सियासी माहौल गर्मा दिया है। इस पर भोजपुरी गायक और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार रितेश पांडे ने चौधरी पर तीखा पलटवार किया है। रितेश ने इसे छोटी सोच बताया और कहा कि कलाकारों का अपमान करने वालों को जनता सबक सिखाएगी।

Ritesh Pandey vs Samrat Choudhary: रोहतास में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विवादित बयान के बाद भोजपुरी गायक और जन सुराज पार्टी के करगहर विधानसभा प्रत्याशी रितेश पांडे उनके समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। रितेश पांडे ने कहा कि यह बयान बेहद संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है और इस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

रितेश पांडे ने आगे कहा कि, किसी के पेशे को अपमानजनक शब्दों में कहना गलत है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी खुद विवादों में रहे हैं। उन पर सात लोगों की हत्या का मामला दर्ज हुआ था और वे छह महीने तक जेल में भी रहे हैं, ऐसे में उन्हें दूसरों का अपमान करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। रितेश ने कहा कि अगर नाचना-गाना गलत माना जाता है, तो फिर अमिताभ बच्चन जैसे महान कलाकार भी नाचते हैं, उन्हें भी क्या ‘नचनिया’ कहा जाएगा? नृत्य की शुरुआत तो स्वयं भगवान शिव ने नटराज रूप में की थी।

बिहार की जनता कलाकारों को सम्मान देती है, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए उनका अपमान करने से भी नहीं चूकते। सम्राट चौधरी की शिक्षा पर कटाक्ष करते हुए रितेश पांडे ने कहा कि जब बिहार का डिप्टी सीएम खुद सातवीं कक्षा में फेल है और एफिडेविट को ‘हाफडेबिट’ कहता है, तो उससे क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जनता ही सही जवाब देगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article