ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा, ओवैसी के साथ गठबंधन के लिए सपा तैयार, 100 नहीं 10 सीटें देने को तैयार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 24, 2021, 12:50 PM IST

Om Prakash Rajbhar : राजभर ने कहा कि वह तैयार हैं तो अखिलेश भी तैयार हैं। सुभासपा के नेता ने कहा कि 100 सीटों पर चुनाव लड़कर वह सभी सीटें हार जाएंगे और 10 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे तो 10 सीट जीत जाएंगे।

ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा, ओवैसी के साथ गठबंधन के लिए सपा तैयार, 100 नहीं 10 सीटें देने को तैयार
Photo Credit: ANI

लखनऊ : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को बड़ा दावा किया। राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार है। राजभर का दावा है कि सपा गठबंधन के लिए तैयार है लेकिन वह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी को 100 सीटें नहीं बल्कि 10 सीटें दे सकती है। राजभर ने कहा कि वह तैयार हैं तो अखिलेश भी तैयार हैं।

सपा में भाजपा के कई नेता होंगे शामिल-सपा प्रवक्ता

सुभासपा के नेता ने कहा कि 100 सीटों पर चुनाव लड़कर वह सभी सीटें हार जाएंगे और 10 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे तो 10 सीट जीत जाएंगे। भाजपा भी अपने गठबंधन में शामिल किसी दल को 100 सीटें नहीं दे सकतीं। राजभर ने दावा किया कि यूपी में राजनीतिक हालात बदल चुके हैं। वहीं, सपा के प्रवक्ता अजीज खान ने कहा कि भाजपा के कई नेता उनकी पार्टी से संपर्क में हैं। आने वाले दिनों में ये नेता सपा में शामिल हो सकते हैं। 

सपा 100 सीटें दे देगी तो खुद कितने पर लड़ेगी-राजभर

टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में राजभर ने कहा कि लोग 100 सीट, 80 सीट पर चुनाव लड़ने की जिद पर अड़े हैं। समाजवादी पार्टी यदि सभी को 80 और 100 सीटें दे देगी तो वह कितने सीट पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। इसे देखते हुए छोटे दल ज्यादा से ज्यादा सीटें लेने की फिराक में हैं। राजभर का कहना है कि उनकी ओवैसी से बात हुई और उन्होंने एआईएमआईएम नेता को बताया कि सपा उन्हें 10 सीटें दे सकती है, इससे ज्यादा नहीं। ओवैसी अकेले लड़कर भाजपा को जीताना चाहते हैं। 

'अखिलेश भी 'लैला के मजनू' बन सकते हैं'

राजभर के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता अनिला सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और ओवैसी दोनों एक जैसे हैं और एक साथ हैं। हो सकता है कि अखिलेश यादव भी 'लैला के मजनू' बन जाएं। अखिलेश यादव, राजभर और ओवैसी सभी ' जिन्नावादी' हैं। यूपी की जनता इन सभी दलों की असलियत समझती है।  

End of Article