Nani on Pan India Tag: साउथ के जाने-माने एक्टर नानी (Nani) इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म द पैराडाइज (The Paradise) के प्रमोशन में जुटे हैं। फिल्म को लेकर पहले ही काफी चर्चा है, लेकिन इस बार नानी अपनी फिल्म से ज्यादा एक बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। एक्टर ने फिल्मों को दिए जाने वाले ‘पैन इंडिया’ टैग पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि फिल्मों का दूसरी भाषाओं में पसंद किया जाना कोई अलग पहचान देने वाली बात नहीं होनी चाहिए। तो चलिए जानते हैं कि नानी ने ऐसा क्या बयान दे दिया है, जिसको लेकर इतनी चर्चा हो रही है।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Diler Kharkiya पर दिनदहाड़े हमला, कार पर बरसाईं गोलियां, लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी!
नानी ने दिया ये रिएक्शन
नानी अपनी आने वाली फिल्म द पैराडाइज की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे ‘पैन-इंडिया’ शब्द को लेकर सवाल किया गया। इस पर नानी ने कहा, 'मेरी फिल्म को पैन-इंडिया मत कहिए, क्योंकि मैं चाहता ही नहीं कि किसी भी फिल्म को पैन-इंडिया कहा जाए। उदाहरण के लिए, अगर कोई हिंदी फिल्म तेलुगु, तमिल या मलयालम वर्जन में बड़ी हिट होती है, तो उसे पैन-इंडिया नहीं कहा जाता। उसे तब भी हिंदी फिल्म ही कहा जाता है। जब हम देखते हैं कि जवान या पठान तमिल और तेलुगु में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, तो उन्हें पैन-इंडिया नहीं कहा जाता। लेकिन जब कोई तेलुगु फिल्म पूरे देश में अच्छा करती है, तो उसे पैन-इंडिया फिल्म कह दिया जाता है।'
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:दोबारा पापा बनने से पहले Ranveer Singh ने किए लालबागचा राजा के दर्शन, फैंस के बीच दिखा खास अंदाज
‘मेरी फिल्मों को पैन-इंडिया मत कहिए’
नानी ने आगे कहा कि उन्हें ये शब्द समझ में ही नहीं आता, इसलिए वो नहीं चाहते कि उनकी फिल्मों के साथ इसका इस्तेमाल किया जाए। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि वह लोगों को ऐसा कहने से पूरी तरह रोक नहीं सकते। नानी ने कहा, 'साउथ इंडियन फिल्मों के लिए ही ये शब्द क्यों इस्तेमाल किया गया? हिंदी फिल्मों के लिए क्यों नहीं? इसलिए मैंने हर फिल्म के लिए आम तौर पर यही कहा है कि कृपया मेरी फिल्मों को पैन-इंडिया मत कहिए। मैं लोगों को इसका इस्तेमाल करने से रोक नहीं सकता, लेकिन मेरे लिए ये शब्द कोई मतलब नहीं रखता। मैं हमेशा तमिल, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश करूंगा। ये हमेशा मेरा तरीका रहेगा, लेकिन मैं नहीं चाहता कि मेरी फिल्मों के साथ ऐसे टैग लगाए जाएं। फिर भी इसका इस्तेमाल होता रहेगा। मैं इसमें ज्यादा कुछ नहीं कर सकता। मैं सिर्फ अपनी बात रख सकता हूं।' नानी की ये फिल्म द पैराडाइज 24 सितंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
