UP Election: जिन्होंने कभी आचमन करना नहीं सीखा, वो भी आज चंदन लगाकर भाषण दे रहे हैं: जेपी नड्डा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 3, 2022, 05:31 PM IST

JP Nadda in Lucknow: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, बसपा और  सपा तीनों पर जमकर निशाना साधा।

UP Election: जिन्होंने कभी आचमन करना नहीं सीखा, वो भी आज चंदन लगाकर भाषण दे रहे हैं: जेपी नड्डा
Photo Credit: Twitter

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी की अवध क्षेत्र की जन विश्वास यात्रा के समापन अवसर पर आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित किया। भाजपा की ओर से 19 दिसंबर से प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में जन विश्वास यात्रा शुरू की गई थी। अपनी रैली के दौरान नड्डा ने सपा और कांग्रेस दोनों पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाया, तो विपक्षी भी घंटी बजाने को मजबूर हुए। जिन्होंने कभी आचमन करना नहीं सीखा, वो भी आज चंदन लगाकर भाषण दे रहे हैं।

अखिलेश पर निशाना

अखिलेश को निशाने पर लेते हुए नड्डा ने कहा, 'जो आतंकियों को छुड़वाते थे, माफियाओं को आश्रय देते थे, वो लोग कह रहे हैं कि योगी जी ने सत्यानाश कर दिया, हां सत्यानाश किया लेकिन उन लोगों का। फर्क साफ है, एक ओर अखिलेश का कुशासन था और आज योगी जी का सुशासन है। उस समय भ्रष्टाचार की बदबू थी और आज ईमारदारी की खुशबू है और मैं अखिलेश जी को कहता हूं इत्र जितना भी लगाओ बदबू खुशबू में नहीं बदल सकती है।'

आतंकियों को बचाने के लिए वापस लिए थे मुकदमे

 सपा को पर हमला करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, 'अखिलेश जी ने 15 आतंकियों को बचाने के लिए उनके मुकदमे वापस लिए थे। लेकिन कोर्ट ने इसकी इजाजत नहीं दी। बाद में उनमें से 4 को सजा-ए-मौत और बाकी को आजीवन कारावास हुआ।  क्या आतंकियों को बचाने वाली ऐसी सरकार आपको चाहिए?जिन लोगों ने देश का विभाजन किया, उनके नाम को लेकर के आज भी समाज को बांटने पर जुटे हैं, ये हैं अखिलेश के सरकार और अखिलेश के लोग, ये हमको समझना होगा।'

प्रियंका को याद दिलाए 70 साल

कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर हमला करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, 'जो वोटबैंक की राजनीति करते थे, उनकी आज हालत खराब है। क्योंकि वोटबैंक की राजनीति को श्री नरेन्द्र मोदी जी ने समाप्त कर दिया और विकासवाद को लेकर आए हैं। आज कल चर्चा हो रही है- मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं। आपको किसने मना किया है कि आप न लड़िये? आपको किसने मना किया है कि आप महिलाओं की बात न कीजिए? लेकिन 70 साल आपके दादा, नाना, पिता और आपकी माता ये सब लोग देश की माताओं-बहनों के लिए क्या किया?'

End of Article