Mokama Murder Case: मोकामा से जदयू उम्मीदवार 'बाहुबली' अनंत सिंह को जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किए जाने के बाद रविवार को पटना के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने अनंत सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह के वकील नवीन कुमार ने बताया कि यह एक कानून प्रक्रिया है। उन्हें इसलिए गिरफ्तार किया गया है, क्योंकि उनका नाम एफआईआर में है। अनंत सिंह समेत तीन लोगों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने रिमांड की मांग नहीं की थी...।''
अनंत सिंह की कहां से हुई गिरफ्तारी
अनंत सिंह की शनिवार देर रात गिरफ्तारी हुई। अनंत सिंह दुलारचंद यादव की हत्या के बाद से जांच के घेरे में हैं। दुलारचंद यादव का हाल ही में अनंत सिंह के समर्थकों से झगड़ा हुआ था। अनंत सिंह को राज्य की राजधानी से लगभग 200 किलोमीटर दूर बाढ़ स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दो अन्य व्यक्तियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया है जो घटना के समय मौजूद थे।
दुलारचंद यादव की गुरुवार को पटना के मोकामा क्षेत्र में जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार करते समय मौत हो गई। घटना भदौर और घोसवारी थानों के पास मोकामा इलाके में हुई थी। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम के साथ देर रात संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पुलिस ने दुलारचंद यादव की हत्या के सिलसिले में तीन लोगों - अनंत सिंह, मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को गिरफ्तार किया है।’’
