इलेक्शन

दुलारचंद हत्याकांड: देर रात कहां और कैसे गिरफ्तार हुए बाहुबली अनंत सिंह, पुलिस ने क्या-क्या बताया?

सूत्रों ने बताया कि कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जो जांच को एक नया मोड़ दे सकते हैं। जांचकर्ताओं ने घटना में शामिल क्षतिग्रस्त वाहनों का भी निरीक्षण किया। इन वाहनों से फोरेंसिक नमूने एकत्र किए गए हैं। जानिए अब तक का अपडेट...

Image

अनंत सिंह हुए गिरफ्तार (PTI/ANI)

Anant Singh Arrested: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा में हुई घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां जनसुराज पार्टी कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या के बाद सियासी तूफान उठ खड़ा हुआ है और उंगली उठी जेडीयू उम्मीदवार बाहुबली नेता अनंत सिंह पर। पुलिस ने इस मामले में आखिर उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया। दुलार चंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह पर गंभीर आरोप लग रहे थे। पुलिस-प्रशासन का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी और चुना्व शांतिपूर्ण होंगे।

कहां से और कब हुई अनंत सिंह की गिरफ्तारी?

पुलिस ने अनंत सिंह को बाढ़ के कारगिल मार्केट से गिरफ्तार किया है, जहां से पुलिस उन्हें पटना लेकर गई। पुलिस रात करीब 11.30 बजे यहां पहुंची और अनंत सिंह से कुछ देर पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पटना एसएसपी ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस मामले पर डीएम का भी बयान आया है। दोनों अधिकारियों ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कानून को सख्ती से लागू करने की बात कही।

क्या सबूत मिले?

सूत्रों ने बताया कि कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जो जांच को एक नया मोड़ दे सकते हैं। जांचकर्ताओं ने घटना में शामिल क्षतिग्रस्त वाहनों का भी निरीक्षण किया। इन वाहनों से फोरेंसिक नमूने एकत्र किए गए हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए नुकसान के पैटर्न, पत्थरों के निशान और अन्य निशानों का विश्लेषण कर रही है। मोकामा ताल में अपराध स्थल के निरीक्षण के दौरान, जांचकर्ताओं ने रेलवे पटरियों पर आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले पत्थर बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि मोकामा ताल में ऐसे पत्थर प्राकृतिक रूप से नहीं पाए जाते हैं, जिससे संभावित साजिश का सवाल उठता है।

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने क्या कहा?

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा, 30 अक्टूबर को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मोकामा में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। झड़प के दौरान पथराव हुआ, जिसके बाद एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अनंत सिंह को लगभग 2 घंटे पहले गिरफ्तार किया गया... मैं पटना के मतदाताओं को आश्वस्त करना चाहता हूं कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से होंगे और वे निडर होकर मतदान कर सकेंगे। पटना पुलिस और प्रशासन मतदाताओं के साथ खड़ा है और किसी को भी अपने अधिकार का प्रयोग करने से नहीं रोका जाएगा।

डीएम डॉ. त्यागराजन का बयान

पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा, घटना को बहुत गंभीरता से लिया गया है। हम पिछले 48 घंटों से दिन-रात कैंप कर रहे हैं। स्थिति अब बिल्कुल सामान्य है। चूंकि यह चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा मामला है, इसलिए हमने हर पहलू से इसकी गहन जांच की है। इसमें शामिल सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कल 80 लोगों को गिरफ़्तार किया गया था और आज मुख्य अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। हमने उन लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है जो चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article