इलेक्शन

बिहार चुनाव: मोकामा वाले अनंत सिंह ने RJD को लिया आड़े हाथ; सूरजभान से लेकर तेजस्वी तक पर साधा निशाना

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मोकामा सीट पर सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार और चर्चित नेता अनंत कुमार सिंह ने अपनी जीत का दावा करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रत्याशी को खुली चुनौती दी है। उन्होंने जनता के समर्थन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि इस बार भी मोकामा में जीत का परचम उन्हीं के हाथ में होगा। चुनावी बयानबाजी, गठबंधन की खींचतान और जंगलराज के आरोपों के बीच अनंत सिंह ने खुद को जनता का सच्चा प्रतिनिधि बताते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व की भी सराहना भी की।

Image

मोदी-नीतीश की तारीफ की

Photo : IANS

Anant Singh On RJD: बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह ने जीत का दावा करते हुए RJD प्रत्याशी को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि जनता का साथ हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हम इस बार भी मोकामा विधानसभा सीट पर जीत का परचम लहराएंगे।

सूरजभान सिंह को लेकर बोले अनंत

बता दें कि, मोकामा विधानसभा सीट से बाहुबली अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी आमने-सामने हैं। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान खुली चुनौती देते हुए कहा, "सूरजभान सिंह को आप लोग बड़ा चैलेंज बना रहे हैं, लेकिन मैं 20-25 साल से लड़ रहा हूं। वे हर बार हारे हैं और इस बार भी हारेंगे।" अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें न तो बाहुबल का डर है और न ही चुनाव में हिंसा की आशंका। उन्होंने कहा, "मेरी नजर में ऐसी कोई बात नहीं है।"

महागठबंधन पर तंज

चुनावी माहौल में RJD और कांग्रेस के बीच टिकट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर तंज कसते हुए अनंत सिंह ने कहा, "सुनने में आया है कि सात जगहों पर दोनों पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार उतार रही हैं। इनकी साझेदारी टूट चुकी है।" उन्होंने RJD की ओर से मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को टिकट देने पर भी निशाना साधा और कहा, "मैं इन बातों पर ध्यान नहीं देता। जब वहां कुछ है ही नहीं, तो देखने का क्या मतलब?"

"RJD जंगलराज लाना चाहती है"

उन्होंने RJD पर जंगलराज लाने की मंशा का आरोप लगाते हुए कहा, "वे चाहते हैं कि जंगलराज आए, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा।" अनंत सिंह ने अपने और जनता के बीच गहरे रिश्ते को अपनी ताकत बताया। उन्होंने कहा, "हम जनता के साथ रहते हैं, यही वजह है कि जनता हमें इतना प्यार देती है।"

जनता चाहे तो बनूंगा मंत्री

उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नीतीश कुमार पहले मुझे मंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन मैंने कहा कि मुझे वही चाहिए, जो जनता ने मुझे दिया है। इस बार मैं सोचूंगा, अगर जनता कहेगी कि मुझे मंत्री बनना चाहिए, तो मैं बनूंगा। जनता मुझसे प्रेम करती है और हम जनता से प्रेम करते हैं।"

VIP को न्योता तेजस्वी पर निशाना

विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश साहनी से जुड़े सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, "उन्हें मेरी पार्टी में आ जाना चाहिए। हमारी पार्टी सभी को इज्जत देती है और हम उन्हें स्वीकार करेंगे।" वहीं, RJD नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "लालू यादव अगर आज नहीं रहें, तो तेजस्वी को कोई नहीं जानता। उनकी कोई अपनी खूबी नहीं, बस लालू के बेटे होने की वजह से पहचान है।"

PM की तारीफ की

प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए अनंत सिंह ने कहा, "वह अच्छे इंसान हैं और बिहार का विकास कर रहे हैं। पहले की अपेक्षा बिहार काफी बदल चुका है। तमाम सड़क और पुल बनाए गए हैं। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।"

इनपुट-आईएएनएस

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article