Amit Shah in Bengal: गृह मंत्री अमित शाह ने आज दम दम उत्तर विधानसभा में जनसभा की। इस दौरान वह कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस दोनों पर बरसे। शाह ने दावा किया कि इस बार बंगाल से ममता दीदी की विदाई हो जाएगी। अमित शाह ने इस दौरान पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। साथ ही मल्लिकार्जुन खरगे को पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भी घेरा।
ममता दीदी का टाटा-बाय-बाय हो जाएगा- शाह
अमित शाह ने कहा, 4 मई को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। 9 बजे पहला राउंड आएगा, 10 बजे दूसरा राउंड आएगा, और दोपहर 1 बजे तक गिनती समाप्त होते-होते ममता दीदी का टाटा-बाय-बाय हो जाएगा। 29 तारीख को आप सभी को वोट डालना है, लेकिन किसी को विधायक या भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठिया मुक्त बंगाल बनाने के लिए वोट डालना है। ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को जवाब दिया। कांग्रेस और टीएमसी की सरकार ने आतंकवाद को यह लोग बिरयानी खिलाते थे।
शाह ने कहा, उरी में हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक किया। पहलगाम पर हमला हुआ तो आपरेशन सिंदूर किया। नरेंद्र मोदी जी को कांग्रेस अध्यक्ष आतंकवादी कह रहे हैं। राहुल बाबा के साथ रह रह कर खरगे जी की भी भाषा बिगड़ने लगी है। राहुल बाबा, मोदी जी जितना गाली दोगे, जितना कीचड़ गिराओगे, कमल उतनी शान से खिलेगा।
खरगे के खिलाफ भाजपा प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग पहुंचा
भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को निर्वाचन आयोग पहुंचा और उसने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आतंकवादी संबंधी टिप्पणी के लिए उनके (खरगे) खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस प्रतिनिधिमंडल में निर्मला सीतारमण समेत तीन केंद्रीय मंत्री शामिल थे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीतारमण ने कहा, आज हम आयोग के समक्ष उपस्थित हुए ताकि उसका ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा सके कि कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति ने इतने निंदनीय शब्दों का प्रयोग किया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि चुनावी राज्य तमिलनाडु में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा जो अत्यंत निंदनीय है। सीतारमण ने कहा, यह भारत की जनता द्वारा दिए गए (प्रधानमंत्री मोदी को) जनादेश का अपमान है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह उस पूरी व्यवस्था का अपमान है जहां लोग चुनावों के माध्यम से अपने नेता का चुनाव करते हैं, और एक बार चुने जाने के बाद, वह पूरे देश के नेता होते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरी तरह से हताश है और तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बीच प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां इसलिए कर रही है क्योंकि वह मोदी से "गहरी नफरत" करती है।
