Akhilesh Yadav Kannauj Seat: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव कन्नौज सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्रों की मानें तो तेज प्रताप यादव की जगह अखिलेश कन्नौज सीट से नामांकन कर सकते हैं। एक दिन पहले ही सपा ने अखिलेश यादव के भतीजे तेज प्रताप यादव के नाम की घोषणा कन्नौज सीट से की है।
कन्नौज सीट से अखिलेश करेंगे नामांकन?
सपा सूत्रों का दावा है कि तेज प्रताप के नाम की घोषणा पार्टी की रणनीति का हिस्सा था। अखिलेश यादव कन्नौज सीट से नामांकन के आखिरी दिन 25 अप्रैल पर्चा भर सकते हैं। कन्नौज सीट पर 13 मई को चुनाव होना है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पौत्र और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद तेज प्रताप यादव 2014 से 2019 तक मैनपुरी से सांसद रहे हैं।
सपा पहले भी बदल चुकी है कई उम्मीदवार
इस लोकसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी कई सीटों पर उम्मीदवारों को बदल चुकी है। अपने ही परिवार के लोगों का टिकट अखिलेश यादव बदल चुके हैं। बदायूं से पहले धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया, फिर शिवपाल यादव को टिकट दिया और अब आदित्य यादव चुनाव लड़ रहे हैं।
अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला
इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा कि नफरत फैलाने वालों पर ऐसा ताला लगा देना, जिससे हमेशा-हमेशा के लिए नफरत बंद हो जाए। दरअसल, पीएम मोदी ने अलीगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि पहले जब अलीगढ़ आया था, तब, मैंने कहा था कि सपा-कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर ताला लगा दीजिए। आपने ऐसा मजबूत ताला लगाया कि दोनों शहजादों को इसकी चाबी नहीं मिल रही है। अब, पीएम मोदी के इस बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार सामने आया है। उन्होंने कहा कि एक ऐसा ताला बनाओ जो भाजपा के गलत मंसूबों पर हमेशा-हमेशा के लिए लगा दिया जाए। चुनाव के रुझान आने लगे हैं। इंडिया गठबंधन की चर्चा होने लगी है।
