इलेक्शन

बिहार के सह प्रभारी बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य; कांग्रेस पर किए तीखे वार, बोले-राहुल को मोदी फोबिया

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव का सह प्रभारी बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में कांग्रेस पर तीखे वार किए और कहा कि राहुल गांधी को मोदी फोबिया है। उन्होंने बिहार चुनाव में डबल इंजन की सरकार की बड़ी जीत का दावा भी किया।

Image

बिहार के सह प्रभारी बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य (Photo - Keshav Prasad Maurya X)

Bihar Election: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बिहार के सह प्रभारी बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे। टाइम्स नाऊ नवभारत से बातचीत करते हुए उन्होंने बिहार में आगामी चुनावों को लेकर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया। बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव की तिथियों की घोषणा का इंतजार कर रही है। उन्हें पूरा विश्वास है कि बिहार की जनता डबल इंजन की सरकार को विजयी बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार उनकी पार्टी की जीत सबसे बड़ी विजय होगी।

विपक्ष की 'गाली' पर जनता देगी जवाब

कांग्रेस नेता उदित राज द्वारा पीएम को 'आधुनिक रावण' कहे जाने पर केशव प्रसाद मौर्य ने सधे हुए शब्दों में पलटवार किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष की गाली का जवाब गाली से नहीं देती। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता स्वयं इन अपमानजनक टिप्पणियों का जवाब चुनाव में कमल का बटन दबाकर देगी। उनकी इस टिप्पणी से समझ आता है कि पार्टी नकारात्मक बयानबाजी से बचते हुए चुनाव में जनता के समर्थन पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

राहुल गांधी को मोदी फोबिया: केशव प्रसाद मौर्य

राहुल गांधी द्वारा विदेश में एक बार फिर लोकतंत्र पर सवाल उठाए जाने को लेकर उन्होंने कड़ी आलोचना की। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा राहुल गांधी को 'मोदी फोबिया' हो गया है और वह विदेशी शक्तियों के हाथों खेल रहे हैं। उनके अनुसार, देश के लोकतंत्र और जांच एजेंसियों पर लगातार सवाल उठाना अब राहुल गांधी की फितरत बन गई है।

संभल में अवैध कब्जा खाली कराना प्रशासन की जिम्मेदारी

संभल में अवैध कब्जे पर हुई कार्रवाई को लेकर उन्होंने इसे कानूनी कार्रवाई बताया। नेता ने कहा कि कहीं भी अवैध कब्जा होता है, तो उसे खाली कराना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है और इस पर किसी को बोलने का अधिकार नहीं है।

अफवाहों पर न दें ध्यान

अतीक अहमद के सगे संबंधियों के जेल से निकलने और उसके बेटे द्वारा सरकार से गुहार लगाने से संबंधित मीडिया रिपोर्ट्स पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई जानकारी सरकार के संज्ञान में नहीं है। यह केवल मीडिया में चलता रहता है, जिससे सरकार का कोई सरोकार नहीं है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article