इलेक्शन

पश्चिम बंगाल की 142 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान आज ;3.21 करोड़ से ज्यादा वोटर डालेंगे वोट; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

West Bengal Assembly Election: दूसरे चरण में राज्य की 142 विधानसभा क्षेत्रों में 29 अप्रैल को मतदान होगा,जिसमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 ट्रांस जेंडर मतदाताओं समेत कुल 3,21,73,837 मतदाता वोटिंग करेंगे।

Image

बंगाल में दूसरे चरण का मतदान आज (फोटो साभार: @ECISVEEP)

Photo : Twitter

West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा,जिसमें कुल 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने इस चरण के लिए 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं और सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर सात जिलों में केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं, जबकि निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल होगा।

इतने मतदाता डालेंगे वोट

दूसरे चरण में राज्य की 142 विधानसभा क्षेत्रों में 29 अप्रैल को मतदान होगा,जिसमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 ट्रांस जेंडर मतदाताओं समेत कुल 3,21,73,837 मतदाता वोटिंग करेंगे।

बिना हिंसा के चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध चुनाव आयोग

निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है और सात जिलों में केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियों को तैनात किया है। दूसरे चरण में कुल 142 सामान्य पर्यवेक्षक,95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए कैमरों से लैस ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कोलकाता में केंद्रीय बलों की 273 कंपनियों के साथ सबसे अधिक तैनाती है।

इन सीटों पर रहेगी सबकी नजर

इस चरण की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी उन्हें कड़ी चुनौती दे रहे हैं। कोलकाता पोर्ट सीट पर तृणमूल के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम का मुकाबला भाजपा के राकेश सिंह से है। इसके अलावा भाटपारा, जगतदल, बैरकपुर, बनगांव, दमदम, संदेशखाली, हिंगलगंज, राणाघाट उत्तर, राणाघाट दक्षिण, रासबिहारी, यादवपुर और बेलीगंज जैसी सीटों पर भी मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। भांगर सीट पर सबसे अधिक 19 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि गोघाट में सबसे कम पांच प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी 25 साल बाद बहरामपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

एक ये भी समीकरण

दूसरे चरण में जिन 142 सीट पर मतदान होना है, उनमें से तृणमूल कांग्रेस ने 2021 में 123 सीट जीती थीं, भाजपा ने सिर्फ 18 और ’इंडियन सेक्युलर फ्रंट’ (आईएसएफ) ने एक सीट हासिल की थी।

पहले चरण में हुआ रिकॉर्डतोड़ मतदान

इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर सभी दलों और पूरे देश की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसी चरण के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।

मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को चेतावनी जारी की कि 29 अप्रैल को दक्षिण बंगाल में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि दक्षिण बंगाल के जिन जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, उनमें कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्वी बर्धमान, बांकुरा और पश्चिम मेदिनीपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तीन मई तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article