एजुकेशन

ईयर बैक और सब्जेक्ट बैक में क्या अंतर है? हर छात्र के लिए जानना है जरूरी

Difference Between Year Back and Subject Back: कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने वाले छात्रों में बैक को लेकर अक्सर डर देखा गया है। लेकिन इन छात्रों को सब्जेक्ट बैक और ईयर बैक के बीच का अंतर नहीं पता है। आइए जानते हैं -

Image

Difference Between Year Back and Subject Back (Photo - AI)

Difference Between Year Back and Subject Back: कॉलेज या यूनिवर्सिटी में पढ़ाई इतनी आसान नहीं होती है, जितनी देखने में लगती है। ऐसे में उम्मीद के मन मुताबिक अंक न मिलना, फेल होना कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन किसी विषय में बैक आने से छात्र में तनाव की स्थिति जरूर उत्पन्न हो जाती है। क्या मैं परीक्षा पास कर पाएंगे? क्या मुझे एक और मौका मिलेगा? क्या मुझे कॉलेज के निकाल दिया जाएगा? क्या मेरी डिग्री अधूरी रह जाएगी? इस तरह के ढेरों सवाल मन में आते हैं।

उच्च शिक्षा, विशेष रूप से इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज में अक्सर दो शब्द सबसे अधिक सुनने को मिलते हैं— 'सब्जेक्ट बैक' (Subject Back) और 'ईयर बैक' (Year Back)। कई बार छात्र जानकारी के अभाव में इन दोनों के बीच के अंतर को समझ नहीं पाते और घबरा जाते हैं। अपनी एकेडमिक जर्नी को बिना किसी बाधा के पूरा करने के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि इन दोनों में क्या अंतर है और इनका आपके करियर पर क्या प्रभाव पड़ता है। आइए जानते हैं -

सब्जेक्ट बैक क्या है?

Subject Back वह होती है जब कोई छात्र किसी सेमेस्टर या वार्षिक परीक्षा में कुछ विषयों में पासिंग मार्क्स हासिल करने में असमर्थ रहता है, तो उस स्थिति को 'सब्जेक्ट बैक' या 'बैकलॉग' (Backlog) कहा जाता है। इसमें छात्र को संस्थान से तुरंत नहीं निकाला जाता है। बल्कि उन्हें परीक्षा पास करने का मौका दिया जाता है। सब्जेक्ट बैक लगने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि छात्र का पूरा साल बर्बाद नहीं होता। उसे अगली कक्षा या अगले सेमेस्टर में प्रमोट कर दिया जाता है। जहां वो मुख्य परीक्षाओं के साथ बैक की परीक्षा भी दे सकते हैं। इसका छात्र के अकादमिक वर्ष पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ता, बशर्ते वह समय रहते उस बैक पेपर को पास कर ले।

ईयर बैक क्या है?

सब्जेक्ट बैक के बारे में जानने के बाद अब आपके लिए यह जानना जरूरी है कि Year Back क्या होती है? जब कोई छात्र किसी शैक्षणिक वर्ष में अपने विश्वविद्यालयों द्वारा तय की गई न्यूनतम पासिंग क्रेडिट (Credits) या कई विषयों में फेल हो जाता है तो उसे 'ईयर बैक' या 'इयर ड्रॉप' का सामना करना पड़ता है। ईयर बैक लगने की स्थिति में छात्र को अगली कक्षा या अगले वर्ष में प्रमोट नहीं किया जाता है। उसे उसी ईयर की पढ़ाई दोबारा करनी होती है। छात्र को वही पूरा साल या वही दोनों सेमेस्टर अपने जूनियर बैच के साथ पढ़ने पड़ते हैं और सभी फेल विषयों की परीक्षा फिर से देनी होती है। ऐसा तब होता है जब छात्र किसी सेमेस्टर में बहुत अधिक विषयों में फेल हो जाता है या फिर विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित न्यूनतम उपस्थिति या क्रेडिट स्कोर पूरा नहीं कर पाता।

ईयर बैक और सब्जेक्ट बैक में मुख्य अंतर

अकादमिक वर्ष का नुकसान: सब्जेक्ट बैक में छात्र का साल खराब नहीं होता और वह आगे बढ़ता रहता है, जबकि ईयर बैक में छात्र का एक पूरा अकादमिक वर्ष पीछे छूट जाता है।

पढ़ाई का तरीका: सब्जेक्ट बैक वाले छात्र को केवल उस विशिष्ट विषय का बैक पेपर देना होता है, जबकि ईयर बैक वाले छात्र को पूरे साल की कक्षाएं और प्रैक्टिकल दोबारा अटेंड करने पड़ सकते हैं।

करियर पर प्रभाव: सब्जेक्ट बैक को आसानी से समय रहते क्लियर करके नियमित समय में डिग्री प्राप्त की जा सकती है। हालांकि, ईयर बैक लगने से डिग्री पूरा होने में अतिरिक्त समय लगता है, जिसका असर आगे की पढ़ाई और जॉब इंटरव्यू के दौरान रिज्यूमे पर दिखाई देता है।

बैकलॉग और ईयर बैक से कैसे बचें?

कॉलेज और यूनिवर्सिटी में अपनी पढ़ाई के दौरान बैकलॉग और ईयर बैक से बचने के लिए छात्रों को क्रेडिट और नियमों की जानकारी पूरी होनी चाहिए। अपने कॉलेज या यूनिवर्सिटी की परीक्षा नीति को शुरू में ही समझ लें ताकि प्रमोशन के लिए कितने क्रेडिट या विषय पास करना अनिवार्य है। अगर किसी छात्र की बैक आती है तो उसे पेंडिंग छोड़ने की बजाय पहले ही उपलब्ध अवसर में पास करने की कोशिश करें। ताकि उन्हें आगे दिक्कत का सामना न करना पड़े। साथ ही छात्रों को उनकी अटेंडेंस पर ध्यान देने की आवश्यकता होती है। न्यूनतम अटेंडेंस की स्थिति में छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाता, जिससे ईयर बैक का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए आप अपनी अटेंडेंट पर ध्यान दें और नियम के तौर पर उसे पूरा करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article