दिल्ली के नरेला स्थित DDA प्राइम अपार्टमेंट में शनिवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। वहां रहने वाला परिवार काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी थी। दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय फ्लैट खाली था। फिलहाल आग लगने की वजह और नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
नोएडा में भी आग
नोएडा में थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के रायपुर गांव के पास शनिवार दोपहर अस्थायी दुकानों में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन दुकानें जल गयीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार दोपहर रायपुर गांव के पास बनी अस्थायी दुकानों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने करीब छह दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के बाद उसे ठंडा करने की प्रक्रिया के दौरान एक दुकान के अंदर एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में जला हुआ मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि ग्राइंडर से लोहा काटते समय निकली चिंगारी से आग लगी होगी।
