शहर

सिर्फ एक दिन की छुट्टी के लिए स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी! छात्रा की करतूत का दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा

Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के लोधी रोड स्थित एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को मिले बम की धमकी वाले ईमेल का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में पता चला कि यह फर्जी ईमेल इसी स्कूल की एक छात्रा ने केवल छुट्टी कराने के इरादे से भेजा था।

Image

लोधी रोड स्कूल मामले में साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन (फाइल फोटो)

Delhi School Bomb Threat: देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ समय से लगातार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। इसी बीच 23 अक्टूबर 2026 को लोधी रोड स्थित मशहूर एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को भी एक खौफनाक ईमेल मिला, जिसमें स्कूल परिसर में बम होने का दावा किया गया था। इस ईमेल के मिलते ही हड़कंप मच गया, लेकिन जब दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने इस मामले की परतें उधेड़ीं, तो सच जानकर हर कोई दंग रह गया।

पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि स्कूल को बम से उड़ाने की यह झूठी धमकी किसी बाहरी आतंकी संगठन या अपराधी ने नहीं, बल्कि उसी स्कूल की एक छात्रा ने भेजी थी। पूछताछ और शुरुआती पड़ताल में पता चला कि छात्रा का मकसद सिर्फ इतना था कि इस ईमेल के बाद स्कूल में उस दिन की छुट्टी घोषित कर दी जाए।

मामले का ऐसे हुआ खुलासा

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) अनंत मित्तल के निर्देशों पर साइबर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की थी। एसीपी बलराम सिंह बेनीवाल की निगरानी और एसएचओ हंसराज स्वामी के नेतृत्व में बनी टीम ने जब ईमेल के आईपी एड्रेस और डिजिटल कड़ियों का विश्लेषण किया, तो तार सीधे छात्रा तक जा पहुंचे। दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, छात्रा नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ 'किशोर न्याय अधिनियम' (Juvenile Justice Act) के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हाल के दिनों में राजधानी के कई परिसरों में बम की धमकियों के मामले सामने आए हैं, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ऐसी हर सूचना को बेहद गंभीरता से ले रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसी झूठी और भ्रामक अफवाहें फैलाना कानूनन अपराध है और डिजिटल साक्ष्यों के जरिए ऐसे मामलों को तुरंत पकड़ लिया जाता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article