क्रिकेट

हारकर भी कीवी कप्तान सैंटनर ने रच दिया इतिहास, बने ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज

कीवी कप्तान सैंटनर भले ही अपनी गेंदबाजी से टीम को जीत नहीं दिला पाए, लेकिन उन्होंने इस मुकाबले को हमेशा के लिए यादगार बना लिया। सैंटनर ने इस मुकाबले में 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

Image

मिचेल सैंटनर (साभार-x)

क्राइस्टचर्च में हुए दूसरे टी20 मुकाबले में भले कीवी टीम को जीती हुई बाजी हारनी पड़ी, लेकिन कप्तान सैंटनर ने अपनी गेंदबाजी से इस मुकाबले को हमेशा के लिए यादगार बना दिया। सैंटनर ने अपने 4 ओवर के स्पेल से मैच अपनी मुट्ठी में कर लिया था, लेकिन आखिर में तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार ने बाजी पलट दी। इस मुकाबले में सैंटनर ने 21 रन देकर 4 विकेट झटके। इस स्पेल के साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया। वह भारत के खिलाफ एक से अधिक फोर-फर (4 विकेट) लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए।

पहली बार सैंटनर ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में भारत के खिलाफ 4 विकेट चटकाए थे। नागपुर में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 11 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। उनके इस स्पेल के कारण पूरी भारतीय टीम केवल 79 रन बनाकर ढेर हो गई थी और न्यूजीलैंड ने 127 रन का स्कोर सफलतापूर्वक डिफेंड कर लिया था।

केवल 3 स्पिनर के नाम है रिकॉर्ड

सैंटनर के अलावा केवल 3 स्पिन गेंदबाज भारत के खिलाफ फोर-फर ले सके हैं। श्रीलंका के वानिंदू हसरंगा ने साल 2021 में 9 रन देकर 4 विकेट, डेनियल विटोरी ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में 20 रन देकर 4 विकेट जबकि स्कॉटलैंड के गेरहार्ड इरास्मस ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे।

4 विकेट के स्पेल के साथ सबसे सफल टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की लिस्ट में सैंटनर ने टॉप-10 में जगह बना ली। अब उनके नाम 140 मैच में 148 विकेट हो गए हैं। 197 विकेट के साथ राशिद खान इस फॉर्मेट के सबसे सफल बॉलर हैं।

मैच की बात करें तो आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। भारत के सामने 181 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी की दमदार पारी के दम पर एक गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैच की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article