भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आपातकाल लागू करने से लेकर विभिन्न राज्यों में राष्ट्रपति शासन लगाने तक कांग्रेस ने अपनी सुविधा के अनुसार देश चलाया। अब वही पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात कर रही है।
झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे नवीन शनिवार को रांची में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है।
'संविधान की दुहाई देने वालों ने ही उसे तार-तार किया'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस ने ही अतीत में इसकी मर्यादाओं का उल्लंघन किया। नितिन नवीन ने कहा कि आपातकाल लगाने और कई राज्यों में राष्ट्रपति शासन लागू करने के कांग्रेस के फैसले इसके उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने वाले लोग आज दूसरों को लोकतांत्रिक मूल्यों का पाठ पढ़ा रहे हैं। नवीन ने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।
एसआईआर और 'वोट चोरी' के आरोपों पर राहुल गांधी को घेरा
नितिन नवीन ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए राहुल गांधी के 'वोट चोरी' संबंधी आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर के बाद मतदाता सूचियां प्रकाशित होने पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 60 दिन का समय दिया गया था। उनके मुताबिक, इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक भी शिकायत दर्ज नहीं कराई।
नवीन ने दावा किया कि राहुल गांधी को एहसास हो गया था कि 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाकर बिहार विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी छह महीने बाद इस मुद्दे को उठा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा से ज्यादा घुसपैठियों के वोटों की चिंता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे पर मजबूती से अपनी बात रखने की अपील की।
विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का लगाया आरोप
नवीन ने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों से संचालित कथित 'टूलकिट' के हिस्से के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का उद्देश्य सरकार को अस्थिर करना था। उन्होंने बांग्लादेश और दूसरे देशों में हुए राजनीतिक बदलावों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी नेता भारत में भी सत्ता परिवर्तन की बात कर रहे हैं। नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व देशभर में मजबूत हुआ है और सत्ता परिवर्तन की राह इतनी आसान नहीं है।
झारखंड सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
भाजपा अध्यक्ष ने झारखंड की सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को जनता के बीच उठाने की अपील की। नवीन ने कहा कि रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ हजारों छात्र और अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस के किसी नेता ने उनके समर्थन में आवाज नहीं उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता दिल्ली में बैठकर युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर बात करते हैं, जबकि राज्य में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की समस्याओं पर चुप रहते हैं। मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं का जिक्र करते हुए नवीन ने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में इन परीक्षाओं में माफिया का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था में बदलाव किया और देशभर में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाई।
छात्रों के समर्थन में सड़क से अदालत तक लड़ने की अपील
नवीन ने प्रदेश भाजपा नेतृत्व से अन्याय का सामना कर रहे छात्रों के लिए संघर्ष जारी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों पर संसद से लेकर सड़क तक आवाज उठाई जानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर अदालत का रुख भी करना चाहिए।
