शहर

आंध्र प्रदेश में दर्दनाक हादसा, गाड़ी में डीजल डालते ही जोरदार धमाका, सड़क निर्माण स्थल पर सात की मौत

Andhra Pradesh Fire Accident: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पिनाकोटा गांव में सड़क निर्माण स्थल पर गाड़ी में डीजल भरते समय अचानक आग लग गई। इस भीषण आग और उसके बाद हुए धमाके में 7 मजदूरों की जलकर मौत हो गई।

Image

आंध्र प्रदेश में रिफ्यूलिंग के दौरान लगी भीषण आग

Photo : iStock

Andhra Pradesh Fire Accident: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 की सुबह अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा गांव में सड़क निर्माण काम के दौरान हुए एक भीषण अग्निकांड में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब निर्माण स्थल पर खड़े एक पिकअप ट्रक में डीजल भरा जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक (SP) अमित बरदार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। चूंकि यह कंस्ट्रक्शन साइट मुख्य इलाके से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है, इसलिए मजदूर गाड़ियों में तेल डालने के लिए डीजल को बड़े-बड़े ड्रमों में भरकर लाते थे। माना जा रहा है कि रिफ्यूलिंग के दौरान मजदूरों से सुरक्षा में कोई चूक हुई होगी और उसी समय निकली एक छोटी सी चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया।

देखते ही देखते और चपेट में आईं गाड़ियां

शुरुआत में आग पिकअप ट्रक में लगी, लेकिन देखते ही देखते लपटों ने पास खड़े एक डंपर ट्रक और दोपहिया वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग लगने के तुरंत बाद एक भीषण धमाका हुआ, जिसके कारण मौके पर मौजूद मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे को लेकर पुलिस क्या बोली?

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक शव जली हुई गाड़ी के अंदर से मिला, जबकि दो शव पास में पड़े पाए गए। पुलिस के अनुसार, पिकअप ट्रक उस ठेकेदार का था जो वहां सड़क निर्माण का काम करा रहा था। फिलहाल पुलिस और राहत टीम मौके पर मौजूद हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article