Advanced English Learning: अंग्रेजी भाषा में बातचीत को अधिक प्रभावशाली और रोचक बनाने के लिए मुहावरों (Idioms) और मुहावरेदार वाक्यांशों (Phrases) का उपयोग अक्सर किया जाता है। ऐसा ही एक बेहद लोकप्रिय इंग्लिश फ्रेज है—'Back to Square 1' (बैक टू स्क्वायर वन)। अक्सर ऑफिस मीटिंग्स, दोस्तों के साथ बातचीत या अंग्रेजी फिल्मों और किताबों में आपको यह मुहावरे को सुनने को मिलता होगा। लेकिन क्या आप इसका अर्थ जानते हैं? इसका उपयोग कहां कहना चाहिए, इसकी शुरुआत कैसे हुई? अगर आप भी एडवांस्ड इंग्लिश पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं तो आपको इसके बारे में पता होना चाहिए।
'Back to Square 1' का मुख्य अर्थ?
'Back to Square 1' का हिंदी में सरल अर्थ होता है—"फिर से शुरुआती बिंदु पर लौटना" या "शून्य से पुनः प्रारंभ करना"।
जब आप किसी काम में काफी प्रयास करते हैं, लेकिन किसी गलती, तकनीकी खराबी या बदलाव के कारण वह प्रयास विफल हो जाता है और आपको शुरुआत से दोबारा वही काम शुरू करना पड़ता है, तब इस मुहावरे का प्रयोग किया जाता है।
| पहलू | विवरण |
| अंग्रेजी मुहावरा | Back to Square 1 (Back to Square One) |
| हिंदी अर्थ | शुरुआत से दोबारा शुरू करना / फिर से शून्य पर आना |
| समानार्थी (Synonym) | Start from scratch, Return to the beginning |
| प्रयोग का क्षेत्र | दैनिक बातचीत, कॉरपोरेट मीटिंग्स, लेखन |
कहां से आया यह फ्रेज?
इस मुहावरे की उत्पत्ति के पीछे दो प्रमुख धारणाएं मानी जाती हैं। आइए आज दोनों के बारे में जानें -
सांप-सीढ़ी और बोर्ड गेम्स: लूडो या सांप-सीढ़ी जैसे बोर्ड गेम्स में जब खिलाड़ी की गोटी किसी बड़े सांप के मुंह पर आ जाती है, तो उसे सीधे 'स्क्वायर 1' यानी पहले खाने पर वापस जाना पड़ता है और फिर से शुरुआत करनी पड़ती है।
रेडियो कमेंट्री: पुराने समय में बीबीसी (BBC) रेडियो पर फुटबॉल मैचों की कमेंट्री करते समय मैदान को अलग-अलग खांचों में बांटा जाता था। जब गेंद गोलकीपर के पास 'स्क्वायर 1' में पहुंचती थी, तो कमेंटेटर 'Back to Square 1' शब्द का प्रयोग करते थे।
आम बोलचाल में कैसे करें इस्तेमाल?
रोजमर्रा की जिंदगी में आप इस फ्रेज का उपयोग निम्नलिखित तरीकों से कर सकते हैं -
ऑफिस और प्रोजेक्ट वर्क में - "The client rejected our design, so we are back to square 1."
(क्लाइंट ने हमारा डिजाइन खारिज कर दिया, इसलिए अब हम फिर से शुरुआत पर आ गए हैं।)
पढ़ाई या कोडिंग/सॉफ्टवेयर में - "I forgot to save the file and the computer crashed. Now I'm back to square 1." (मैं फाइल सेव करना भूल गया और सिस्टम क्रैश हो गया। अब मुझे दोबारा शून्य से शुरू करना पड़ेगा।)
व्यवसाय या व्यक्तिगत योजनाओं में - "Our business plan failed due to budget issues, pushing us back to square 1."
(बजट की कमी के कारण हमारा बिजनेस प्लान फेल हो गया, जिससे हम फिर से शुरुआती मोड़ पर आ खड़े हुए।)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े - इंग्लिश का फ्रेज 'Whats Your 20' का क्या मतलब है, सवाल में क्या है अंक का मतलब?
बातचीत सुधारने के लिए स्मार्ट टिप्स
इस मुहावरे का प्रयोग करते समय यह ध्यान रखें कि इसका उपयोग थोड़ा निराशा या फिर से प्रयास करने के जज्बे को दर्शाने के लिए किया जाता है। 'Back to Square 1' की जगह आप कभी-कभी "Start from scratch" का भी प्रयोग कर सकते हैं, जिसका अर्थ भी बिल्कुल समान होता है।
