शहर

Delhi: मामूली विवाद में बवाना में डबल मर्डर, दोस्त ने गोली मारकर की हत्या, बदले में भाई ने हत्यारे को मौत के घाट उतारा

Delhi Double Murder: दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द गांव में 15 नवंबर की आधी रात मामूली विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई नरेश को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

दिल्ली के बवाना इलाके में हुई वारदात (सांकेतिक चित्र)

Photo : ANI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का बवाना इलाका शनिवार की आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द गांव में मामूली कहासुनी के बाद हुई खूनी वारदात में दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय सचिन और सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई है। दोनों पूठ खुर्द गांव के ही रहने वाले थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया है।

आधी रात को मिली गोलीबारी की सूचना

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की मध्यरात्रि के आसपास बवाना थाने को पूठ खुर्द गांव में ताबड़तोड़ गोलियां चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सचिन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सीने में गोली लगी थी। क्राइम टीम और पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो परिवार के गौशाले में खून के बड़े-बड़े धब्बे और जमीन पर पड़े तीन खाली कारतूस बरामद हुए। गौशाले की जांच के कुछ ही देर बाद, वहां से लगभग 100 मीटर दूर एक गली में दूसरे व्यक्ति का शव पड़ा मिला, जिसकी पहचान सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई।

CCTV और शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालने और चश्मदीदों से पूछताछ के बाद वारदात की पूरी कड़ी सामने आ गई। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर सोनू उर्फ प्रदीप ने सचिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और उसके सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। अपने भाई सचिन को गोली लगते देख उसका भाई नरेश आपे से बाहर हो गया। उसने सोनू उर्फ प्रदीप को भागने का मौका दिए बिना मौके पर ही पकड़ लिया और गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बवाना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सचिन की हत्या का बदला लेने वाले आरोपी भाई नरेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों युवकों के बीच कहासुनी की शुरुआत किस बात पर हुई थी और क्या इनके बीच कोई पुरानी आपसी रंजिश या लेन-देन का विवाद था, इसकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article