महाराष्ट्र में मतदाता सूची से नाम हटाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुणे के भोसरी विधानसभा क्षेत्र में 40 मतदाताओं के नाम उनकी जानकारी और सहमति के बिना दूसरी विधानसभा में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन जमा किए गए थे। अक्टूबर 2024 में चार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से ये आवेदन ऑनलाइन भेजे गए। मामला सामने आने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, अब सभी 40 मतदाताओं के नाम दोबारा लिस्ट में शामिल कर दिए गए हैं।
निगड़ी थाने में दर्ज कराई शिकायत
अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया कि अक्टूबर 2024 में चार मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर 40 आवेदन जमा किए गए थे, जिन्हें भोसारी विधानसभा क्षेत्र से दूसरी जगह स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि पिंपरी-चिंचवड के अतिरिक्त तहसीलदार और भोसारी विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी जयराज देशमुख ने इस संबंध में एक नवंबर को निगड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि यह शिकायत लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत दर्ज कराई गई थी।
वोटर लिस्ट में दोबारा शामिल किए गए नाम
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि संबंधित 40 मतदाताओं के नाम अब भोसारी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दोबारा शामिल कर दिए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर असंज्ञेय अपराध का मामला दर्ज किया है। यह मामला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- (राकांपा)-शरदचंद्र पवार (शप) के नेता अजित गव्हाणे की ओर से नवंबर 2025 में महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दी गई शिकायत से जुड़ा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भोसारी विधानसभा क्षेत्र में पंजीकृत मतदाताओं के नाम उनकी जानकारी या सहमति के बिना दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिए गए। शिकायत के अनुसार, मतदाताओं के आवासीय पते में बदलाव के लिए फॉर्म-8 के जरिए 40 आवेदन पांच अक्टूबर 2024 को ऑनलाइन जमा किए गए थे। इन आवेदनों में चार मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया था। शिकायत में बताया गया कि इनमें से 10 आवेदन एक मोबाइल नंबर, 26 दूसरे, तीन तीसरे और एक आवेदन चौथे मोबाइल नंबर के जरिए जमा किया गया था।
(इनपुट - भाषा)
