बिजनेस

Bank Holidays Next Week: 16 से 22 नवंबर के बीच कितने दिन बंद रहेंगे बैंक? देखें RBI की छुट्टियों की लिस्ट

Bank Holidays Next Week: 16 से 22 नवंबर के बीच कितने दिन बैंक बंद रहेंगे? बैंक जाने से पहले RBI की छुट्टियों की पूरी लिस्ट देखें। तब प्लानिंग करें।

Image

अगले सप्ताह बैंक होलिडे के बारे में जानें

Photo : iStock

Bank Holidays Next Week : अगर आपको अगले हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम निपटाना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आधिकारिक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, 16 नवंबर से 22 नवंबर के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में कुल 3 दिन बैंकों में कामकाज बंद रहेगा। इसमें सरकारी और निजी क्षेत्र के सभी प्रमुख बैंक जैसे भारतीय स्टेट बैंक (SBI), एचडीएफसी (HDFC) और आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक शामिल हैं। हालांकि, ये छुट्टियां पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होंगी, बल्कि अलग-अलग राज्यों के क्षेत्रीय त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश पर निर्भर करेंगी।

अगले हफ्ते किस दिन और कहां बंद रहेंगे बैंक?

आरबीआई की गाइडलाइंस के अनुसार, नवंबर महीने में साप्ताहिक अवकाश और क्षेत्रीय त्योहारों को मिलाकर कुल 16 दिन बैंकों में छुट्टी तय की गई है। आगामी सप्ताह यानी 16 से 22 नवंबर के बीच बैंकों की छुट्टियों का डिटेल इस प्रकार है। सबसे पहले, 16 नवंबर (सोमवार) को छठ पूजा के महापर्व के अवसर पर बिहार और झारखंड में सभी बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद, 20 नवंबर (शुक्रवार) को उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल के कारण प्रदेश बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी। वहीं, सप्ताह के अंत में 22 नवंबर (रविवार) को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण देशभर के सभी बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। इन तीन दिनों के अलावा सप्ताह के बाकी दिनों में संबंधित शहरों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

क्या है आरबीआई का छुट्टियों का नियम?

भारतीय रिजर्व बैंक हर साल जनवरी के महीने में देशभर के बैंकों के लिए आधिकारिक छुट्टियों की लिस्ट जारी करता है। नियमों के तहत, सभी अनुसूचित और गैर-अनुसूचित बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार तथा हर रविवार को अनिवार्य अवकाश रहता है। इसके अलावा, राष्ट्रीय छुट्टियों और राज्यों के स्थानीय त्योहारों के हिसाब से भी बैंक बंद रखे जाते हैं। चूंकि स्थानीय छुट्टियां हर राज्य और शहर के हिसाब से अलग-अलग होती हैं, इसलिए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए वे अपनी नजदीकी बैंक शाखा से स्थानीय छुट्टियों की पुष्टि जरूर कर लें।

बैंक बंद रहने पर ग्राहक कैसे निपटाएं अपने जरूरी काम?

भले ही इन छुट्टियों के दौरान बैंक बंद रहेंगें, लेकिन ग्राहकों के रोजमर्रा के लेनदेन और आपातकालीन वित्तीय जरूरतों पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। बैंकों की डिजिटल और ऑनलाइन सेवाएं छुट्टियों के दिनों में भी बिना किसी रुकावट के जारी रहती हैं। ग्राहक घर बैठे अपने बैंक के मोबाइल ऐप या इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल करके आसानी से पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं और अपने खाते से जुड़ी अन्य जानकारी हासिल कर सकते हैं।

यूपीआई, एटीएम और ऑनलाइन ट्रांसफर की सुविधा रहेगी चालू

छुट्टियों के दौरान ग्राहक UPI पेमेंट सिस्टम का उपयोग करके किसी को भी पैसे भेज या प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा चौबीसों घंटे चालू रहती है, बशर्ते किसी तकनीकी रखरखाव (मेंटेनेंस) के कारण बैंक द्वारा पहले से कोई सूचना न दी गई हो। इसके अतिरिक्त, बड़े अमाउंट के लेनदेन के लिए ऑनलाइन के जरिये NEFT और RTGS की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। नकदी की जरूरत पड़ने पर ग्राहक देशभर के किसी भी ATM से पैसे निकाल सकते हैं। साथ ही, डिजिटल बैंकिंग के जरिए चेकबुक के लिए आवेदन करने, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठाने और अकाउंट मेंटेनेंस जैसे कई अन्य जरूरी काम भी बिना बैंक जाए पूरे किए जा सकते हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article