एजुकेशन

इंग्लिश इडियम 'The Ball is in your court' का क्या अर्थ है? जानें कब और कैसे करें इसका इस्तेमाल

अंग्रेजी भाषा में बातचीत में अक्सर लोग कई इडियम का इस्तेमाल करते हैं। इसमें The Ball is in your court आपने सबसे अधिक सुना होगा, लेकिन इसका मतलब क्या है? आइए जानते हैं इसकी शुरुआत कैसे हुई और इसका इस्तेमाल आम बोलचाल के लिए कैसे किया जा सकता है।

Image

इंग्लिश इडियम 'The Ball is in your court' का क्या अर्थ है (Photo - AI/Newsroom Verified)

Advanced English Learning: अंग्रेजी भाषा जितनी सरल लगती है, उनती होती नहीं है। हर दिन, हर महीने इसमें नए-नए फ्रेज, इडियम और स्लैंग का प्रयोग किया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल लोग आम बोलचाल में करना पसंद करते हैं। दरअसल, अंग्रेजी भाषा में बातचीत को अधिक प्रभावशाली, रोचक और सटीक बनाने के लिए मुहावरों (इडियम - Idioms) का व्यापक प्रयोग किया जाता है। ऐसा ही एक बेहद लोकप्रिय और रोजमर्रा की बोलचाल में इस्तेमाल होने वाला मुहावरा है—"The Ball is in your court"।

जब आप किसी व्यक्ति को यह कहते सुनते हैं, तो इसका शाब्दिक अर्थ टेनिस या बास्केटबॉल के मैदान से जुड़ा लगता है, लेकिन बातचीत में इसका अर्थ पूरी तरह से अलग होता है। जी हां, इस प्रकार के कई इडियम अंग्रेजी में बोले जाते हैं, जिसका शाब्दिक अर्थ उसके व्यावहारिक अर्थ से बिल्कुल अलग होता है। उसी प्रकार से इस इडियम का भी अर्थ बिल्कुल अलग है। तो आइए आज जानते हैं The Ball is in your court का सटीक अर्थ क्या है, इसकी उत्पत्ति कैसे हुई और इसका आप इस्तेमाल एडवांस्ड इंग्लिश में कैसे कर सकते हैं।

'The Ball is in your court' इडियम का मतलब क्या है?

इस मुहावरे का उपयोग तब किया जाता है जब एक पक्ष अपनी ओर से पूरी प्रक्रिया, बातचीत या काम पूरा कर चुका होता है और अब आगे की कार्रवाई, निर्णय या जवाब देने की बारी दूसरे पक्ष की होती है। संक्षेप में समझे तो "अब फैसला आपके हाथ में है", "अगला कदम आपको उठाना है", "जिम्मेदारी अब आपकी ओर है" आदि।

इस इडियम की उत्पत्ति कहां से हुई?

'The Ball is in your court' मुहावरे का जन्म टेनिस के खेल से हुआ है। टेनिस के खेल में जब एक खिलाड़ी सर्विस करके या शॉट मारकर गेंद को अपने ऑपोनेंट के कोर्ट में भेज देता है, तो अंक बनाने या खेल को आगे बढ़ाने के लिए सामने वाले खिलाड़ी को गेंद पर शॉट मारना अनिवार्य होता है। ठीक इसी प्रकार, व्यावहारिक जीवन में जब आपने अपना काम कर दिया है, तो 'गेंद सामने वाले के पाले में चली जाती है' और आगे की प्रतिक्रिया और प्रक्रिया उसे पूरी करनी होती है।

कब और कैसे करें इसका इस्तेमाल?

एडवांस्ड इंग्लिश पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए केवल इडियम का अर्थ समझना काफी नहीं है, बल्कि इसका सही इस्तेमाल भी आना जरूरी है। किस प्रकार आप इस मुहावरे को आप अपने दैनिक जीवन, प्रोफेशनल माहौल और व्यक्तिगत रिश्तों में इस्तेमाल कर सकते हैं, आइए जानते हैं कुछ उदाहरण के माध्यम से -

1. कार्यस्थल या बिजनेस मीटिंग में मुहावरे का इस्तेमाल

जब आप किसी क्लाइंट या सहकर्मी को कोई प्रपोजल, ईमेल या रिपोर्ट भेज चुके हैं और उनके जवाब का इंतजार कर रहे हों तब आप इडियम का इस्तेमाल इस प्रकार कर सकते हैं -

उदाहरण: "I have sent all the required documents for the project. Now, the ball is in their court." (मैंने प्रोजेक्ट के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज भेज दिए हैं। अब फैसला उनके हाथ में है।)

"We have presented our final proposal to the client. Now, the ball is in their court to decide if they want to sign the contract."अर्थ: हमने क्लाइंट के सामने अपना अंतिम प्रस्ताव रख दिया है। अब यह निर्णय लेना उनके हाथ में है कि वे कॉन्ट्रैक्ट साइन करना चाहते हैं या नहीं।

2. व्यक्तिगत बातचीत और फैसलों में

जब आप किसी दोस्त को कोई सलाह या प्रस्ताव दे चुके हो और उसकी सहमति का इंतजार कर रहे हों:

उदाहरण: "I offered him a fair price for the car. The ball is in his court now to accept or reject it." (मैंने उसे कार की सही कीमत की पेशकश की है। अब इसे स्वीकार करना या नकारना उसके हाथ में है।)

"I helped him write his resume and found three open positions. Now, the ball is in his court to actually apply."अर्थ: मैंने उसका रेज़्यूमे लिखने में मदद की और तीन नौकरियां भी ढूंढ कर दीं। अब वास्तव में आवेदन करना उसके अपने हाथ में है।

3. रिश्तों और सुलह-सफाई में

जब आपने अपनी गलती मानकर माफी मांग ली हो और अब सामने वाले के जवाब का इंतजार हो:

उदाहरण: "I apologized to her for my mistake. Now the ball is in her court whether she wants to forgive me or not." (मैंने अपनी गलती के लिए उससे माफी मांग ली है। अब मुझे माफ करना या न करना उसकी मर्जी पर निर्भर करता है।)

इस्तेमाल करते समय ध्यान रखने योग्य बातें

आप क्या बोल रहे हैं, कैसे बोल रहें है, किस स्थान पर बोल रहे हैं और आपकी क्या टोन है, यह सभी आपकी बातों के मायने बदल देते हैं। इसलिए अंग्रेजी हो या कोई भी भाषा, बोलने वाले व्यक्ति के लिए इन सभी चीजों के बीच में अंतर करना आना चाहिए। क्योंकि यह एक काफी लचीला मुहावरा है इसका उपयोग फॉर्मल और इनफॉर्मल दोनों तरह की बातचीत में कर सकते हैं और यह पूरी तरह से सही माना जाता है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article