एजुकेशन

WBBSE Board Exam 2027: दसवीं की परीक्षाओं में बदलाव का प्रस्ताव, अब मार्च में हो सकते हैं बोर्ड एग्जाम

WBBSE Board Exam 2027: पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा विभाग के सामने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2027 फरवरी के बजाए मार्च में कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।

Image

WBBSE Board Exam 2027 (Photo - AI/Newsroom Verified)

WBBSE Board Exam 2027: पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBBSE) से जुड़े लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी खबर सामने आ रही है। बोर्ड ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली माध्यमिक यानी कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों में फेरबदल करने का आधिकारिक प्रस्ताव राज्य के शिक्षा विभाग के पास भेजा है। अब तक की निर्धारित समय सारणी के अनुसार बात करें तो यह परीक्षाएं फरवरी के महीने में प्रस्तावित थी, लेकिन बोर्ड ने प्रशासनिक और व्यावहारिक कारणों का हवाला देते हुए इन्हें मार्च 2027 में आयोजित कराने का सुझाव दिया है। बोर्ड के इस नए प्रस्ताव के तहत परीक्षाएं 2 मार्च से 16 मार्च 2027 के बीच कराए जाने की संभावना जताई गई है, जबकि इससे पहले यह परीक्षा 15 फरवरी से 25 फरवरी 2027 के बीच तय की गई थी। आइए इस बदलाव के पीछे की मुख्य वजह के बारे में विस्तार से जानें।

तारीखों में बदलाव की मुख्य वजह क्या है?

परीक्षा के शेड्यूल में अचानक बदलाव के पीछे सबसे बड़ा कारण प्रशासनिक व्यस्तता और शिक्षकों की उपलब्धता बताई जा रही है। बोर्ड के अध्यक्ष लल्टू दास ने इस बात स्पष्ट किया है कि आगामी वर्ष के शुरुआती महीनों में देश और राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य निर्धारित हैं। आगामी वर्ष में 25 जनवरी से 28 फरवरी तक बड़े पैमाने पर जनगणना का कार्य चलना है। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में राज्यभर के शिक्षकों और शैक्षणिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। चूंकि बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन और मूल्यांकन के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों की आवश्यकता होती है, इसलिए फरवरी के दौरान शिक्षकों की व्यस्तता के कारण परीक्षाओं का आयोजन करना कठिन हो सकता है। इन्ही सभी व्यवहारिक दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने परीक्षा को मार्च में शिफ्ट करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UP Scholarship 2026 फॉर्म कॉलेज में जमा करने की अंतिम तिथि आज

परीक्षा का संभावित समय और पैटर्न

बोर्ड द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक, परीक्षा की दैनिक समयावधि इस प्रकार हो सकती है -

कुल समयपरीक्षा सुबह 10:45 बजे से शुरू होकर दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी।
प्रश्नपत्र पढ़ने का समय15 मिनट प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए दिया जाएगा।
लिखने का समय11:00 बजे से परीक्षा शुरू होगी और दोपहर 2:00 बजे परीक्षा समाप्त हो जाएगी।

क्या मार्च की तारीखें पूरी तरह तय हो चुकी हैं?

छात्रों को बता दें कि फिलहाल यह केवल एक प्रस्ताव दिया गया है। अभी तक परीक्षा की तिथियों तय नहीं हुई है। बोर्ड अध्यक्ष ने खुद यह साफ किया है कि अभी तक कुछ भी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। नया शेड्यूल राज्य शिक्षा विभाग को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है और अब अंतिम फैसला शिक्षा विभाग के रुख पर निर्भर करता है। इसलिए, छात्रों और शिक्षकों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और आधिकारिक मुहर लगने तक बोर्ड की वेबसाइट पर पैनी नजर रखें।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UP Board Exam 2027 के आवेदन फॉर्म में 12 नवंबर तक सुधार का मौका

छात्रों के लिए जरूरी टिप्स और आगे की रणनीति

परीक्षा फरवरी में हो या मार्च में, सिलेबस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसलिए छात्रों को अपनी पढ़ाई की रफ्तार कम नहीं करनी चाहिए। अतिरिक्त समय मिलने का मतलब है कि आप कठिन विषयों का और बेहतर रिवीजन कर सकते हैं। इसके साथ ही छात्रों और उनके अभिभावकों को सलाह है कि वह WBBSE की आधिकारिक वेबसाइट के नोटिफिकेशन पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article