बिजनेस

क्रेडिट कार्ड से ATM में निकालते हैं कैश? 10000 निकालने पर भी देना पड़ सकता है भारी चार्ज

क्रेडिट कार्ड से जरूरत पड़ने पर ATM से कैश निकालना आसान लगता है, लेकिन यह सुविधा आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। ₹10,000 निकालने पर भी आपको कैश एडवांस फीस, ब्याज और टैक्स देना पड़ सकता है।

Image

Credit Cards

आजकल क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ ऑनलाइन शॉपिंग या बिल भरने के लिए ही नहीं, बल्कि इमरजेंसी में पैसे निकालने के लिए भी किया जाता है। अगर अचानक मेडिकल खर्च आ जाए या किसी जरूरी काम के लिए कैश की जरूरत हो, तो लोग ATM में क्रेडिट कार्ड डालकर पैसे निकाल लेते हैं। लेकिन ऐसा करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। दरअसल, क्रेडिट कार्ड से ATM के जरिए पैसे निकालने को कैश एडवांस कहा जाता है। इस सुविधा पर बैंक अलग से फीस वसूलते हैं और निकाली गई रकम पर उसी दिन से ब्याज लगना शुरू हो जाता है।

₹10,000 निकालने पर कितना देना होगा अतिरिक्त पैसा?

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर आमतौर पर 2.5 से 3.5 फीसदी तक कैश एडवांस फीस लग सकती है। हालांकि, यह चार्ज हर बैंक और कार्ड के हिसाब से अलग होता है। कई बैंक प्रतिशत के हिसाब से फीस लेते हैं, जबकि कुछ ने न्यूनतम चार्ज भी तय किया होता है। उदाहरण के लिए, अगर आप ₹10,000 निकालते हैं और बैंक 2.5 फीसदी कैश एडवांस फीस लेता है, तो आपको ₹250 फीस देनी होगी। इसके अलावा निकाली गई रकम पर ब्याज और लागू GST भी देना होगा।

अगर कैश एडवांस फीस 2.5 फीसदी और ब्याज दर 3 फीसदी प्रति महीने यानी सालाना 36 फीसदी मानें, तो ₹10,000 निकालने पर 30 दिन बाद करीब ₹644 अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं। यानी कुल भुगतान लगभग ₹10,644 हो सकता है। यह एक उदाहरण है, वास्तविक चार्ज आपके कार्ड की शर्तों पर निर्भर करेंगे।

कैश निकालते ही शुरू हो जाता है ब्याज

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि इसमें इंटरेस्ट फ्री पीरियड नहीं मिलता। सामान्य खरीदारी में आपको बिल चुकाने के लिए कुछ दिनों का समय मिल सकता है, लेकिन कैश निकालते ही ब्याज जुड़ना शुरू हो जाता है। जब तक आप पूरी रकम नहीं चुकाते, तब तक ब्याज बढ़ता रहता है। इसलिए भुगतान में जितनी देरी होगी, उतना ही ज्यादा पैसा देना पड़ेगा।

क्या कैश निकालने पर मिलते हैं रिवॉर्ड पॉइंट?

क्रेडिट कार्ड से ATM में कैश निकालने पर आमतौर पर रिवॉर्ड पॉइंट, कैशबैक या शॉपिंग ऑफर का फायदा भी नहीं मिलता। इसके अलावा कैश निकालने की एक अलग लिमिट होती है, जो आपके कार्ड की कुल क्रेडिट लिमिट से कम हो सकती है। इसलिए सिर्फ सुविधा के लिए इस विकल्प का इस्तेमाल करना समझदारी नहीं है।

इमरजेंसी में क्या करें?

अगर आपको पैसों की जरूरत है, तो सबसे पहले अपने सेविंग अकाउंट या डेबिट कार्ड से पैसे निकालने का विकल्प देखें। क्रेडिट कार्ड से कैश तभी निकालें, जब कोई दूसरा विकल्प न हो। ऐसा करने से पहले अपने बैंक की कैश एडवांस फीस, ब्याज दर और भुगतान की शर्तें जरूर चेक करें। कोशिश करें कि निकाली गई रकम जल्द से जल्द चुका दें, ताकि ब्याज का बोझ ज्यादा न बढ़े।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article