IND vs NZ 1st ODI: न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि बुधवार से यहां शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे श्रृंखला में उनकी टीम को भारत के दिग्गज बल्लेबाजों रोहित शर्मा और विराट कोहली से सतर्क रहना होगा और उनके गेंदबाजों को अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी। रोहित और कोहली अब केवल वनडे प्रारूप में खेलते हैं और सैंटनर ने कहा कि यह दोनों खिलाड़ी अब भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
सैंटनर ने भारत के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, "उनकी उम्र बढ़ रही है, लेकिन वे अब भी बहुत अच्छा खेल रहे हैं। हमने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली श्रृंखला में देखा था कि उन्होंने कितना अच्छा प्रदर्शन किया। मैं लंबे समय से उनका खेल देख रहा हूं। मैंने रोहित को आईपीएल में करीब से खेलते देखा है।"
सैंटनर ने कहा कि रोहित और कोहली का शीर्ष क्रम में खेलने का अनुभव उन्हें दमदार प्रतिद्वंद्वी बनाता है। उन्होंने कहा, "उनकी भूमिका यह है कि वे शुरू में काफी आक्रामक खेलें और फिर बीच के ओवरों में पारी को संवारे और अंतिम ओवरों में अपनी पूरी ताकत से बल्लेबाजी करें। रोहित और कोहली लंबे समय से ऐसा करते आ रहे हैं। शुभमन (गिल) भी पिछले पांच साल से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।"
व्यस्त कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया दी
मिचेल सैंटनर का मानना है कि लगातार क्रिकेट खेलने के कारण भारत के खिलाफ बुधवार से शुरू होने वाली पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में खिलाड़ियों पर थकान हावी हो सकती है। भारत और न्यूजीलैंड ने इससे पहले पांच टी20 मैचों की श्रृंखला खेली थी, जिसमें मेजबान टीम 2-3 से हार गई थी। वनडे श्रृंखला के बाद दोनों देश दो टेस्ट मैच की श्रृंखला खेलेंगे। वनडे श्रृंखला 2027 में होने वाली विश्व कप की तैयारी को देखते हुए और 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।
सैंटनर ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर कहा, ठहम लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और मैचों के बीच में बहुत कम समय का अंतराल है। टी20 क्रिकेट में सफर और देर रात तक चलने वाले मैचों के कारण खिलाड़ी थोड़े थके हुए हैं। बहुत कम समय में लगातार क्रिकेट खेलने से वनडे श्रृंखला में थकान हावी हो सकती है। आप हमेशा अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना चाहते हैं, लेकिन वर्तमान समय में व्यस्त कार्यक्रम और दो मैच के बीच अंतराल बहुत कम होने के कारण ऐसा करना काफी मुश्किल है।"
