एजुकेशन

UP PET 2026: आज यूपी पीईटी परीक्षा का अंतिम दिन, 60 जिलों के एग्जाम सेंटर में 12 लाख से अधिक अभ्यर्थी ले रहे हैं हिस्सा

UP PET 2026: यूपाएसएसएससी द्वारा आयोजित की जा रही है यूपी पीईटी परीक्षा 2026 आयोजित होने का आज अंतिम दिन है। 60 जिलों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में होने वाली इस परीक्षा में 12 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल होने वाले हैं।

Image

UP PET 2026 (Photo - AI/Newsroom Verified)

UP PET 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 का आज रविवार को अंतिम और समापन दिन है। राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में 'समूह ग' के पदों पर भर्ती का रास्ता साफ करने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर पूरे प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आज के दिन राज्य के 60 प्रमुख जिलों में करीब 12 लाख परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। परीक्षा की शुचिता और सुगमता बनाए रखने के लिए यह पूरी प्रक्रिया दो शिफ्ट में विभाजित की गई है, जिसमें प्रत्येक पाली में पांच लाख से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने की आधिकारिक सूचना है।

परीक्षा की अब तक की स्थिति और उपस्थिति का हाल

इस बार की पीईटी परीक्षा के लिए लगभग 35 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था, जो इस परीक्षा की विशालता को दर्शाता है। अनुमानित तौर पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के शुरुआती दो दिनों में करीब 23.60 लाख अभ्यर्थियों में से लगभग 16 लाख ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि सात लाख से अधिक उम्मीदवारों ने परीक्षा छोड़ दी। आंकड़ों के मुताबिक, इन दो दिनों में लगभग 68.2 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई है। यह रुझान बताता है कि रजिस्टर उम्मीदवारों में से औसतन हर तीन में से दो छात्र परीक्षा देने पहुंचे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - JEE Main 2027 के आवेदन में गलती होने पर क्या करें?

PET स्कोर की वैधता और इसका महत्व

उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में लेखपाल, जूनियर असिस्टेंट और अन्य पदों पर होने वाली मुख्य परीक्षाओं के लिए शॉर्टलिस्टिंग इसी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के स्कोर के आधार पर की जाती है। परीक्षा के स्कोरकार्ड की वैधता के बारे में बात करें तो इसकी कुल वैधता 3 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसके भीतर उम्मीदवार विभिन्न विज्ञापनों के तहत मुख्य परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि पीईटी में शामिल होना या केवल अच्छे अंक प्राप्त करना सीधे तौर पर सरकारी नौकरी की गारंटी नहीं है, बल्कि यह आगामी मुख्य परीक्षाओं में बैठने की पात्रता प्रदान करता है।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सुझाव

परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह है कि वह दो शिफ्ट में आयोजित हो रही परीक्षा में रिपोर्टिंग टाइम से पहले पहुंचे। ताकि अंतिम दिन के ट्रैफिक और चेकिंग प्रक्रिया में लगने वाले समय पर उन्हें देरी होने से दिक्कत न हो। परीक्षा हॉल में प्रवेश पाने के लिए वैध एडमिट कार्ड के साथ एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड या पैन कार्ड) और पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना बिल्कुल न भूलें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article