एजुकेशन

UPSC Result 2022: दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने 8वें प्रयास में पास की UPSC परीक्षा, हर दिन 7-8 घंटे करते थे पढ़ाई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 28, 2023, 11:03 AM IST

UPSC Result 2022: एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले 34 साल के राम भजन कुमार राजस्थान के एक मजदूर के बेटे हैं। राम भजन कुमार ने कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद आखिरकार अपने 8वें प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा को पास कर लिया।

Image

Delhi Police Constable Ram Bhajan Kumar: दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने 8वें प्रयास में पास की UPSC परीक्षा।

Photo : Twitter

UPSC Result 2022: यूपीएससी की परीक्षा (UPSC Result 2022) के नतीजे इसी हफ्ते मंगलवार के दिन घोषित कर दिए गए हैं। परीक्षा (UPSC Result) में सफल होने वाले 933 उम्मीदवारों में से कुछ उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिनकी सफलता की कहानियां वास्तव में प्रेरणादायक हैं। इन्हीं में से एक हैं दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल राम भजन कुमार (Delhi Police Constable Ram Bhajan Kumar), जिन्होंने 2022 यूपीएससी की परीक्षा (UPSC) में 667वीं रैंक हासिल की है। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यूपीएससी की परीक्षा पास करने के बाद दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल (Delhi Police Constable) राम भजन कुमार ने कहा कि ये मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है। राम भजन कुमार अभी दिल्‍ली पुलिस में साइबर सेल साउथ वेस्‍ट में कार्यरत हैं।

34 साल के हैं राम भजन कुमार

एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले 34 साल के राम भजन कुमार राजस्थान के एक मजदूर के बेटे हैं। राम भजन कुमार ने कई चुनौतियों का सामना करने के बावजूद आखिरकार अपने 8वें प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा को पास कर लिया। राम भजन कुमार की कहानी बेहद ही प्रेरणादायक है। राम भजन कुमार को पुलिस अधिकारी बनने के रास्ते में कई बाधाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके अटूट दृढ़ संकल्प और समर्पण के चलते ही वह यूपीएससी परीक्षा को पास कर पाएं। राम भजन अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने स्कूल के समय में मजदूरों के रूप में भी काम करते थे।

साल 2009 में दिल्‍ली पुलिस में हुए थे भर्ती

राजस्थान के दौसा जिले के एक छोटे से गांव बापी के रहने वाले राम भजन कुमार ने बताया कि उसके माता-पिता मजदूरी कर घर चलाते थे। उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही एक सरकारी स्कूल से हुई। 12वीं पास करने के बाद राम भजन का चयन दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हुआ। राम भजन कुमार साल 2009 में दिल्‍ली पुलिस में भर्ती हुए थे। नौकरी करने के साथ ही राम भजन ने स्नातक और स्नातकोत्तर राजस्थान विश्वविद्यालय से सेल्फ स्टडी के माध्यम से किया। वहीं 2012 में हिंदी में नेट/जेआरएफ पास किया।

राम भजन कुमार को मिली 667वीं रैंक

2012 में राम भजन की शादी अंजलि कुमारी से हुई। इसके बाद राम भजन ने अपने वरिष्ठों से प्रेरित होकर साल 2015 में सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। मैंने कोचिंग ली और सेल्फ स्टडी के माध्यम से अपनी तैयारी जारी रखी। साल 2018 में राम भजन ने पहली बार यूपीएससी मेन्स की परीक्षा दी, लेकिन इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। लेकिन 2022 में वह 667वीं रैंक हासिल करने में सफल रहें। राम भजन ने कहा कि मैं ओबीसी श्रेणी से हूं इसलिए मैं 9 प्रयासों के लिए योग्य हूं और मेरे पास एक आखिरी मौका बचा था। अगर मैं इस बार सफल नहीं हुआ होता तो मैं अगले प्रयास की तैयारी में जुट जाता।

नौकरी करते हुए भी राम भजन ने हर दिन 7-8 घंटे पढ़ाई की

दिल्ली पुलिस में नौकरी करते हुए भी राम भजन ने हर दिन 7-8 घंटे पढ़ाई की। साथ ही परीक्षा से ठीक पहले तैयारी के लिए एक महीने की छुट्टी भी ली। राम भजन ने फिरोज आलम सर को याद करते हुए बताया कि वह दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल थे और 2019 में यूपीएससी परीक्षा पास करने के बाद एसीपी बने। राम भजन ने कहा कि उन्होंने मेरे जैसे लोगों की मदद की और उन्हें कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि आलम सर ने हम जैसे उम्मीदवारों के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जहां वे टिप्स शेयर करते थे और हमें प्रोत्साहित करते थे। उन्होंने मुझे इंटरव्यू के लिए भी तैयार किया।

यूपीएससी परीक्षा के आठवें प्रयास में सफल होने वाले राम भजन कुमार अभी संतुष्ट नहीं हैं। वह 28 मई को होने वाली यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में बैठेंगे। राम भजन कुमार की पूरी कोशिश अपने आखिरी प्रयास में रैंक सुधारने की रहेगी। सिविल सेवा परीक्षा-2022 में कुल 933 उम्मीदवार सफल हुए, जिनमें 613 पुरुष और 320 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article