UP Atal Residential School Admission 2027: उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UPBOCW) और अटल आवासीय विद्यालय समिति के माध्यम से संचालित इन विद्यालयों में एलिजिबल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भोजन, आवास और यूनिफॉर्म जैसी सुविधाएं पूरी तरह फ्री में दी जाती है। अगर आप भी अपने बच्चे का एडमिशन इन स्कूलों में कराना चाहते हैं तो आवेदन से पहले आपके लिए यह जानना जरूरी है कि इसके लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता है और साथ ही साथ किस आयु के छात्र आवेदन कर सकते हैं। आइए आपको इस स्टोरी के माध्यम से आवश्यक जानकारी दें।
क्या है आवेदन की अंतिम तिथि
UP Atal Residential School में प्रवेश के लिए आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानने से पहले छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए यह जानना जरूरी है कि आवेदन की अंतिम तिथि क्या है? बता दें कि अटल आवासीय विद्यालयों में दाखिले के लिए छात्र 5 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकते हैं। सफलतापूर्वक आवेदन के बाद प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पास होने वाले उम्मीदवारों को उनके अंकों के आधार पर एडमिशन दिया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -MP Police Constable 2026 का नया परीक्षा शेड्यूल कब आएगा?
कब होगी प्रवेश परीक्षा
जारी शेड्यूल के अनुसार, अटल आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6 और 9वीं में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन 31 जनवरी 2027 में किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, सुबह यानी एक शिफ्ट में 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां और शेड्यूल
| आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत | 20 नवंबर 2026 |
| आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि | 5 जनवरी 2027 (शाम 5:00 बजे तक) |
| एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि | 25 जनवरी 2027 |
| प्रवेश परीक्षा की तिथि | 31 जनवरी 2027 |
किस आयु के छात्र कर सकते हैं आवेदन?
कक्षा 6 के लिए आयु सीमा - बच्चे का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना चाहिए।
कक्षा 9 के लिए आयु सीमा - बच्चे का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना चाहिए।
कौन कर सकता है आवेदन?
1. उत्तर प्रदेश में बोर्ड के साथ पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे आवेदन कर सकते हैं, लेकिन इसमें भी एक शर्त है। एक श्रमिक परिवार से अधिकतम दो बच्चों को ही आवेदन की अनुमति है।
2. कोविड-19 महामारी के दौरान माता-पिता या अभिभावक को खोने वाले निराश्रित बच्चे भी आवेदन के पात्र है।
3. मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत आने वाले पात्र बच्चे।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- श्रमिक पंजीकरण प्रमाण पत्र / कार्ड
- जन्म प्रमाण पत्र
- बच्चे का आधार कार्ड
- माता-पिता का पहचान पत्र
- पिछली कक्षा की मार्कशीट/प्रमाण पत्र
- श्रेणी व विशेष पात्रता प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -SBI और CSIR AMPRI भर्ती के लिए आज आवेदन की अंतिम तिथि
कैसे करें आवेदन?
प्रवेश के लिए छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट upbocw.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बता दें कि ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए उन्हें निर्धारित कार्यालयों यानी जिला श्रम कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी या जिला प्रोबेशन कार्यालय आदि से फॉर्म प्राप्त कर समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा करना होगा।
आवेदन से पहले अभिभावकों के लिए जरूरी सुझाव
अभिभावकों को सलाह है कि वह जन्मतिथि की निर्धारित सीमा से बाहर होने या प्रमाण पत्रों में नाम/तिथि की भिन्नता होने पर आवेदन अस्वीकार हो सकता है, इसलिए फॉर्म भरने से पहले सभी प्रमाण पत्रों का मिलान जरूर करें। यदि आप ऑफलाइन आवेदन पत्र जमा कर रहे हैं, तो 5 जनवरी 2027 की शाम 5:00 बजे की समय-सीमा और आवश्यक संलग्नकों की रसीद/पुष्टि सुनिश्चित कर लें, साथ ही प्रवेश परीक्षा के पैटर्न व सिलेबस के अनुसार बच्चे की तैयारी शुरू कर दें।
