एजुकेशन

UPPSC Exam 2026: नकल रोकने के लिए हाईटेक तैयारी, परीक्षा हॉल में लगेगा जैमर, आधार से जुड़ेगा अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन

UPPSC Exam 2026: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) अपनी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने की तैयारी में जुट गया है। इसी दिशा में आयोग ने कई बड़े बदलाव करने का फैसला लिया है।

Image

UPPSC Exam 2026: नकल रोकने के लिए हाईटेक तैयारी

UPPSC Exam 2026: देशभर में नकल को रोकने के लिए अलग अलग स्तर पर तैयारी चल रही है। इसी के तहत, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) भी अपनी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने की तैयारी में जुट गया है। इस दिशा में आयोग ने कई बड़े बदलाव करने का फैसला लिया है। अब परीक्षा केंद्रों के हर परीक्षा कक्ष में जैमर लगाए जाएंगे, ताकि मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल या बाहरी संपर्क की कोई संभावना न रहे। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, इन नए इंतजामों से भर्ती प्रक्रिया पहले से अधिक सुरक्षित और पारदर्शी होगी।

जैमर से क्या होगा?

अब तक आयोग परीक्षा केंद्रों पर थर्मल स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करता था। लेकिन आने वाले समय में हर परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर भी लगाए जाएंगे। इससे परीक्षा के दौरान मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बाधित रहेगा और इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल करना मुश्किल हो जाएगा।

आधार से जुड़ेगा अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन

आयोग उम्मीदवारों की पहचान को और मजबूत बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था पहले से लागू है। अब हरियाणा लोक सेवा आयोग की तर्ज पर अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन को आधार से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इस व्यवस्था के लागू होने से फर्जी उम्मीदवारों पर रोक लगाने और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

दस्तावेजों की जांच होगी ऑनलाइन

UPPSC अब आवेदन पत्रों और दस्तावेजों की जांच भी पूरी तरह ऑनलाइन करने की योजना बना रहा है। दस्तावेजों का सत्यापन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज होगी और मानवीय गलतियों की संभावना भी कम होगी। ऑनलाइन स्क्रूटनी से अभ्यर्थियों का समय बचेगा और भर्ती प्रक्रिया भी पहले से अधिक आसान और पारदर्शी बनेगी।

जल्द आएंगी कई बड़ी भर्तियां

आयोग के पास कई विभागों से नई भर्तियों का प्रस्ताव भी पहुंच चुका है। इनमें सबसे बड़ी भर्ती चिकित्सा शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,154 पदों की है, जिसका विज्ञापन अगले महीने जारी होने की उम्मीद है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए आप इस लिंक पर क्लिक (UPPSC Recruitment 2026) कर सकते हैं।

इसके अलावा आयोग को इंजीनियरिंग सेवा में सहायक अभियंता (AE) के 111 पदों और कृषि सेवा में 40 से अधिक पदों का प्रस्ताव भी मिला है।

इन पदों पर भी जल्द शुरू होगी भर्ती

आने वाले दिनों में कई अन्य विभागों में भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इनमें शामिल हैं-

पशुधन अधिकारी174 पद
होम्योपैथी विभाग में प्राध्यापक65 पद
यूनानी विभाग में प्राध्यापक7 पद
आयुर्वेद विभाग में प्राध्यापक28 पद
RO और ARO 80 पद
क्रीड़ा अधिकारी25 पद
वैज्ञानिक अधिकारी (पुलिस विभाग)43 पद
ये भी जानें

जो अभ्यर्थी UPPSC की आगामी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखनी चाहिए। आप चाहें, तो timesnowhindi.com/education पर भी शिक्षा जगत से जुड़े अपडेट पा सकते है

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article