उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। सोशल मीडिया पर इन दिनों SI नागरिक पुलिस के 3,212 पदों पर भर्ती को लेकर एक पेपर वायरल हो रहा है। इस पेपर में दावा किया जा रहा है कि इन पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन यानी रिक्तियों से जुड़ी मांग भर्ती बोर्ड को भेज दी गई है। हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इस दावे को गलत बताया है। बोर्ड ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट जारी कर साफ किया है कि सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा 3,212 पदों से जुड़ा पत्र भ्रामक और पूरी तरह झूठा है। बोर्ड ने इस पत्र का खंडन करते हुए अभ्यर्थियों को ऐसी खबरों और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी है।
3212 पदों के वायरल पत्र पर बोर्ड ने क्या कहा?
भर्ती बोर्ड के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्र को आधिकारिक या प्रमाणिक दस्तावेज नहीं माना जाना चाहिए। ऐसे में उम्मीदवारों को इस पत्र के आधार पर भर्ती की तैयारी, आवेदन या पदों की संख्या को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती से जुड़ी सही और नई जानकारी के लिए केवल उसके आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा किया जाए।
कहां से मिलेगी UP Police SI भर्ती की सही जानकारी?
अभ्यर्थी भर्ती से जुड़े नोटिफिकेशन, पदों की संख्या, आवेदन की तारीख और अन्य अपडेट के लिए इन आधिकारिक माध्यमों को देख सकते हैं:
| आधिकारिक माध्यम | जानकारी |
| वेबसाइट | https://uppbpb.gov.in |
| आधिकारिक X हैंडल | @upprpb |
| वायरल पत्र पर बोर्ड का रुख | भ्रामक और असत्य |
उम्मीदवार इन बातों का रखें ध्यान
किसी भी भर्ती से जुड़ा नोटिफिकेशन देखने के बाद उसकी पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्र, स्क्रीनशॉट या पोस्ट को बिना जांचे सही न मानें। फिलहाल बोर्ड ने 3,212 पदों से संबंधित वायरल पत्र को फर्जी बताया है। इसलिए उम्मीदवार आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें और केवल प्रमाणिक अपडेट के आधार पर ही आगे की तैयारी करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Rajasthan में जूनियर इंजीनियर (JE) के 1909 पदों पर भर्ती
