उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्रों के एडवांस रजिस्ट्रेशन को लेकर जरूरी अपडेट जारी किया है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए जिन छात्रों का रजिस्ट्रेशन अभी तक नहीं हो पाया था, उन्हें अब एक और मौका दिया गया है। उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, स्कूलों के प्रधानाचार्य अब 30 सितंबर 2026 तक पात्र छात्रों का रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया UPMSP की वेबसाइट upmsp.edu.in पर स्कूल के माध्यम से पूरी की जाएगी।
नया शेड्यूल
नए शेड्यूल के अनुसार, प्रधानाचार्य को प्रत्येक छात्र से 50 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क लेकर चालान के जरिए राजकीय कोषागार में जमा करना होगा और छात्रों की जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। यह काम 30 सितंबर 2026 की रात 12 बजे तक पूरा करना होगा।
इसके बाद 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक वेबसाइट से मिली चेकलिस्ट के आधार पर छात्रों की जानकारी की जांच की जाएगी। इस दौरान डेटा में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
5 से 8 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन जानकारी में जरूरी सुधार किए जा सकेंगे। हालांकि, इस अवधि में नया रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा। रजिस्टर्ड छात्रों की फोटो वाली नामावली और कोषपत्र संबंधित DIOS कार्यालय में 15 अक्टूबर 2026 तक जमा करना होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP Board Exam 2027: 10वीं-12वीं के रजिस्ट्रेशन की तारीखों में हुआ बदलाव, देखें नया शेड्यूल
50 रुपये है रजिस्ट्रेशन शुल्क
कक्षा 9वीं और 11वीं के प्रत्येक छात्र के एडवांस रजिस्ट्रेशन के लिए 50 रुपये शुल्क तय किया गया है। इसमें से 40 रुपये चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा किए जाएंगे, जबकि बाकी 10 रुपये स्कूल के खाते में रहेंगे।
छात्रों को इन जानकारियों की जांच जरूर करनी चाहिए
एडवांस रजिस्ट्रेशन में दर्ज जानकारी आगे चलकर कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट और सर्टिफिकेट में इस्तेमाल की जाती है। इसलिए छात्रों को अपने नाम की स्पेलिंग, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, विषय और फोटो जैसी जानकारी अच्छी तरह जांच लेनी चाहिए।
छात्र अपने आधार कार्ड, नई पासपोर्ट साइज फोटो और पिछली कक्षा की मार्कशीट स्कूल में समय पर जमा कर दें, ताकि रजिस्ट्रेशन में किसी तरह की परेशानी न हो।
