UP Board Exam 2027: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षा 2027 के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी तारीखों में बदलाव किया है। बोर्ड ने स्कूलों और छात्रों को फीस जमा करने और जरूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। यह बदलाव हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले संस्थागत और व्यक्तिगत दोनों तरह के छात्रों पर लागू होगा। छात्र अपने स्कूल से संपर्क करके रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी समय पर पूरी कर लें।
नए शेड्यूल के अनुसार, स्कूलों के प्रधानाचार्य पात्र छात्रों से परीक्षा शुल्क आज 1 सितंबर 2026 तक ले सकते हैं। इसके बाद जमा की गई फीस को राजकीय कोषागार में 5 सितंबर 2026 की आधी रात तक जमा करना होगा।
शैक्षणिक जानकारी 6 से 11 सितंबर के बीच
छात्रों की परीक्षा फीस और शैक्षणिक जानकारी ऑनलाइन अपलोड करने के लिए 6 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया है। इस दौरान स्कूलों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि छात्रों की जानकारी सही तरीके से दर्ज हो। इसके बाद फोटो वाले अभ्यर्थी विवरण और संबंधित दस्तावेज जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
UP Board 2027 Registration: गलती सुधारने का मौका
बोर्ड ने रजिस्ट्रेशन के दौरान दर्ज की गई जानकारी को जांचने और उसमें जरूरी सुधार करने के लिए भी समय निर्धारित किया है। स्कूल छात्रों की चेकलिस्ट प्राप्त करके उसमें दर्ज विवरण की जांच करेंगे। इस दौरान छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, चुने गए विषय और फोटो जैसी जानकारी को ध्यान से देखा जाएगा। अगर किसी विवरण में गलती मिलती है तो उसे तय समय के भीतर ठीक कराया जा सकता है।
सुधार के लिए 6 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक का समय मिलेगा। हालांकि, इस अवधि में किसी नए छात्र का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जा सकेगा। यानी यह विंडो केवल पहले से दर्ज अभ्यर्थियों की जानकारी में सुधार के लिए होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: IBPS RRB Recruitment 2026: ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर पदों के लिए आवेदन शुरू, जानें कौन कब तक कर सकता है अप्लाई
