UP Board 10th 12th Exam Centre Schedule 2027 Out: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए एग्जाम सेंटर्स के चयन की प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया गया है। बोर्ड इस पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन माध्यम से पूरा करेगा। इसमें स्कूलों की उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी जुटाने, रिकॉर्ड का सत्यापन करने, आपत्तियों के निस्तारण और परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची तैयार करने के लिए अलग-अलग चरण निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची 29 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी।
24 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया
यूपी बोर्ड की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा केंद्र चयन की प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इस चरण में संबंधित स्कूलों को अपने यहां उपलब्ध सुविधाओं और परीक्षा संचालन से जुड़ी जरूरी जानकारी ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। स्कूल के प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी होगी कि वे निर्धारित समय सीमा में सभी विवरण सही तरीके से उपलब्ध कराएं।
इसके बाद बोर्ड की ओर से स्कूलों की ओर से दी गई जानकारियों की जांच की जाएगी। 3 सितंबर 2026 को सत्यापन से संबंधित रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया को बढ़ाया जाएगा।
सितंबर में जारी होगी प्रस्तावित केंद्र सूची
परीक्षा केंद्र चयन प्रक्रिया के अगले चरण में 12 सितंबर को तैयार की गई ड्राफ्ट सूची की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद 21 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की जाएगी। इस सूची के सामने आने के बाद संबंधित पक्षों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
28 सितंबर 2026 तक प्राप्त आपत्तियों को बोर्ड के समक्ष भेजा जाएगा। बोर्ड इन आपत्तियों और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच के बाद परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
29 अक्टूबर को एग्जाम सेंटर की फाइनल लिस्ट
शेड्यूल के अनुसार 8 अक्टूबर 2026 तक स्वीकृत परीक्षा केंद्रों की सूची और उनसे संबंधित सीटों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद अंतिम स्तर पर सभी विवरणों की समीक्षा की जाएगी। पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 अक्टूबर 2026 को यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
