UGC NET June 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने UGC NET जून 2026 परीक्षा में शामिल कुछ अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर दी है। तकनीकी कारणों से प्रभावित हुए उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया गया है। यह निर्णय परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। NTA द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रभावित उम्मीदवारों की दोबारा परीक्षा 5 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। परीक्षा उसी केंद्र पर कराई जाएगी जहां तकनीकी समस्या की शिकायत सामने आई थी। परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जो 22 जून की परीक्षा के दौरान प्रभावित हुए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 जून को आयोजित UGC NET परीक्षा के दौरान पंजाब के जालंधर स्थित CT Group of Institutions परीक्षा केंद्र पर तकनीकी समस्या सामने आई थी। इसके कारण कई अभ्यर्थी अपनी परीक्षा सुचारू रूप से पूरी नहीं कर सके। मामले की जांच के बाद NTA ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया है। NTA ने प्रभावित उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। री-एग्जाम के लिए नया एडमिट कार्ड भी जारी किया जाएगा, जिसे उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले डाउनलोड करना होगा।
राष्ट्रीय स्तर की इस पात्रता परीक्षा का आयोजन 22 जून से 30 जून 2026 तक विभिन्न विषयों के लिए किया जा रहा है। UGC NET परीक्षा सहायक प्रोफेसर, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और पीएचडी प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस बार परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जा रही है। अब री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की नजर नई परीक्षा तिथि और आगे की प्रक्रिया पर टिकी हुई है।
