UGC: देश के लाखों युवाओं के लिए उच्च शिक्षा की राह आसान हो गई है। इस बार यूजीसी नेट एग्जाम में दो बड़े बदलाव किए गए हैं और दोनो ही बदलाव इसी सेशन से लागू होंगे। जहां पहले पीएचडी के लिए मास्टर्स की डिग्री अनिवार्य थी, वहीं अब 4 साल की यूजी डिग्री वाले छात्र सीधे पीएचडी कर सकते हैं। यूजीसी अध्यक्ष एम जगदेश कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर ये जानकारी दी है।
नहीं होगी विषय की बाध्यता
यूजीसी अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने बताया कि जो छात्र चार साल का ग्रेजुएशन या 8 सेमेस्टर का यूजी कोर्स कर रहे हैं और वह अपने आखिरी साल या सेमेस्टर में हैं, वह यूजीसी नेट 2024 जून एग्जाम के लिए अप्लाई कर सकते हैं। हालांकि, उनका ग्रेजुएशन में 75% कुल अंक या समकक्ष ग्रेड होना चाहिए। इसके साथ ही छात्रों के लिए सब्जेक्ट की बाध्यता भी नहीं होगी। इसका मतलब की आप ग्रेजुएशन के विषय की जगह दूसरे किसी विषय में भी पीएडी कर सकते हैं।
यूजीसी नेट के लिए आवेदन शुरू
यूजीसी नेट एग्जाम के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। योग्य अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर 10 मई 2024 तक या उससे पहले ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। वहीं, 13 मई से 15 मई तक आवेदन पत्र में सुधार किया जा सकेगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यूजीसी नेट एग्जाम का आयोजन 16 जून को किया जाएगा। अभ्यर्थी एनटीए की वेबसाइट पर इन आसान स्टेप्स में परीक्षा के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
How to apply for UGC NET Exam 2024
- यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- फिर यूजीसी नेट जून 2024 के एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
- फिर आवेदन के लिए मांगी गई जानकारी दर्ज करें।
- सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करके सबमिट कर दें।
- फॉर्म जमा करने के बाद एक कॉपी संभाल कर रख लें।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क
यूजीसी नेट एग्जाम के लिए अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 1150 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं, ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 600 रुपये और एससी/एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 325 रुपये शुल्क जमा करना होगा। अधिक जानाकरी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन चेक कर सकते हैं।
